यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
24 घंटे में नौ मासूमों ने दम तोड़ा
गोरखपुर : बीआरडी मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग में मासूमों के दम तोड़ने का सिलसिला

गोरखपुर :
बीआरडी मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग में मासूमों के दम तोड़ने का सिलसिला जारी है। बीते 24 घंटे के दौरान नौ और मरीजों ने विभाग के विभिन्न वार्डो में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मरने वालों में पांच नवजात शामिल हैं जबकि दो मासूमों की मौत इंसेफ्लाइटिस से हुई है।
इंसेफ्लाइटिस से जिन दो मरीजों की मौत हुई, उनमें पश्चिमी चंपारण की अफसाना खातून (16 वर्ष) पुत्री नथुनी मिया और हाटा कुशीनगर के अनुज (5 वर्ष) पुत्र राममिलन शामिल हैं। मेडिकल कालेज में इस वर्ष अब तक इंसेफ्लाइटिस से 147 मरीजों की मौत हो चुकी है। उधर बीते 24 घंटे के दौरान मेडिकल कालेज में इंसेफ्लाइटिस के नौ नए मरीज भर्ती किए गए। इनमें देवरिया व सिद्धार्थनगर के तीन-तीन, कुशीनगर, संतकबीर नगर व गोरखपुर के एक-एक मरीज शामिल हैं। इस वर्ष अब तक 563 इंसेफ्लाइटिस मरीज इलाज के लिए भर्ती कराए चुके हैं। 70 मरीजों का इलाज अभी भी इंसेफ्लाइटिस वार्ड में चल रहा है।
