यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दरबार शुरू, बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
सीएम ने भी वहां पहुंचे सभी लोगों की मुश्किलों को सुना और संबंधित अधिकारियों को उस पर तुरंत कार्रवाई करने की बात कही।

गोरखपुर (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में जनता दरबार का आयोजन किया। इस मौके पर कई फरियादी अपनी मुश्किलें लेकर वहां पहुंचे और सीएम योगी को अपनी परेशानियां बताईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की सुबह अपने गोरखनाथ मंदिर स्थित आवास में दो सौ से ज्यादा लोगों की फरियाद सुनी और उनकी समस्यायों के समाधान का आश्वासन दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री के दिन की शुरुआत सुबह 5.30 से हुई, जब वह गुरु गोरखनाथ के पूजन के लिए आवास से निकले।
पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और फिर करीब आधे घण्टे का समय गोशाला में अपनी गायों के बीच बिताया। उसके बाद वह उन फरियादियों के बीच पहुंच गए, जो तड़के ही अपनी समस्या कहने के लिए मंदिर पहुंच गए थे। सीएम ने भी वहां पहुंचे सभी लोगों की मुश्किलों को सुना और संबंधित अधिकारियों को उस पर तुरंत कार्रवाई करने की बात कही।
वहीं यहां रामपुर से यहां एक महिला भी पहुंची हुई थी। उसने न्यूज एजेंसी से बातचीत में बताया कि उसके पति ने उसे फोन पर न केवल ट्रिपल तलाक दिया बल्कि जान से भी मारने की धमकी दी है।
पीड़िता ने कहा, 'इसे रोकने के लिए कानून बनाए जाने चाहिए। मैं आज यहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में इसीलिए आई हूं जिससे मैं उन्हें अपनी कहानी खुद बता सकूं।'
