यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
24 घंटे में 19 मासूमों ने दम तोड़ा
गोरखपुर : बीआरडी मेडिकल कालेज के बाल रोग वार्ड में मासूमों की मौत का सिलसिला जारी ह

गोरखपुर :
बीआरडी मेडिकल कालेज के बाल रोग वार्ड में मासूमों की मौत का सिलसिला जारी है। बीते 24 घंटे के दौरान 19 और मासूमों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मरने वालों एनआइसीयू में इलाजरत 13 और पीआइसीयू में इलाजरत छह बच्चे शामिल हैं। इनमें दो मरीज इंसेफ्लाइटिस के भी हैं। इस दौरान एनआइसीयू में 12 तो पीआइसीयू में 32 बच्चे भर्ती किए गए।
मेडिकल कालेज संवाददाता के मुताबिक इंसेफ्लाइटिस से मरने वालों में बिहार के बेतिया का 10 वर्षीय सोनू और महराजगंज के चौक के 10 वर्षीय पवन शामिल हैं। इन्हें लेकर इस वर्ष एक जनवरी से अब तक 184 इंसेफ्लाइटिस के मरीज मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान दम तोड़ चुके हैं। बीते 24 घंटे के दौरान 15 नए इंसेफ्लाइटिस इलाज के लिए आए। इनमें कुशीनगर के पांच, गोरखपुर के तीन, महराजगंज व सिद्धार्थनगर के दो-दो और संतकबीरनगर, देवरिया, बिहार के एक-एक मरीज शामिल हैं। इसे लेकर इस वर्ष में अब तक 802 इंसेफ्लाइटिस रोगी इलाज के लिए मेडिकल कालेज आ चुके हैं। इनमें से 114 मरीजों का इलाज अभी भी कालेज के इंसेफ्लाइटिस वार्ड में चल रहा है।
--------
अगस्त में 428 मासूमों की मौत
गोरखपुर : बीआरडी मेडिकल कालेज के पीडियाट्रिक वार्ड के अगस्त के आंकड़े पर अगर गौर करें तो इस महीने में कुल 1613 बच्चे इलाज के लिए भर्ती किए गए। इनमें से 428 की मौत हो गई। अगर यूनिटवार आंकड़ों की बात की जाए तो एनआइसीयू में 538 बच्चे भर्ती हुए, जिनमें से 240 की मौत हो गई। जबकि पीडियाट्रिक आइसीयू में 1075 बच्चों की भर्ती की गई और उनमें 188 ने दम तोड़ दिया। एनआइसीयू में 107 और पीडियाट्रिक आइसीयू में 220 बच्चों का इलाज अभी भी चल रहा है।
