विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अति गंभीर मरीजों की बचाएंगे जान

By JagranEdited By:
Published: Tue, 08 Aug 2017 01:16 AM (IST)

गोरखपुर: बीआरडी मेडिकल कालेज में इंसेफ्लाइटिस के अति गंभीर मरीजों की जान बचाने के लिए 10 बेड की क्रि

अति गंभीर मरीजों की बचाएंगे जान
अति गंभीर मरीजों की बचाएंगे जान

गोरखपुर: बीआरडी मेडिकल कालेज में इंसेफ्लाइटिस के अति गंभीर मरीजों की जान बचाने के लिए 10 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट बन कर तैयार हो चुकी है। 3.5 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस यूनिट में आइसीयू से भी उच्च स्तरीय सुविधाएं हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन करेंगे।

हालांकि बीआरडी मेडिकल कालेज में इंसेफ्लाइटिस के गंभीर मरीजों के लिए आइसीयू की सुविधा पहले से है पर कुछ सुविधाओं के अभाव में लाख कोशिशों के बावजूद डाक्टर नाजुक मरीजों की जान नहीं बचा पाते थे। अब यह समस्या दूर हो जाएगी।

बीआरडी मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. राजीव मिश्र ने उम्मीद जताई कि सीसीयू के तैयार हो जाने से कम से कम 25 फीसद मौतें रोकने में मदद मिलेगी। इस उच्च स्तरीय यूनिट में कोई भी वस्तु या सामान बिना स्टरलाइज किए अंदर नहीं ले जाया जा सकेगा। यहां तक कि डाक्टरों को भी अपने कपड़े बदलकर जाना होगा। ठीक उसी तरह जैसे ओटी में जाते हैं।

-----------------

डीएम ने किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिलाधिकारी राजीव रौतेला ने सोमवार को मेडिकल कालेज पहुंचकर सीसीयू का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राचार्य व दूसरे अधिकारियों के साथ बैठक कर इंसेफ्लाइटिस के इलाज, रोकथाम आदि पर चर्चा की। इसके पहले उन्होंने जिला अस्पताल पहुंच कर वहां ब्लड बैंक आदि का जायजा लिया।

-----------------

अपर मुख्य सचिव करेंगी निरीक्षण

मुख्यमंत्री के दौरे के पहले उत्तर प्रदेश की अपर मुख्य सचिव अनिता भटनागर जैन मंगलवार को मेडिकल कालेज का दौरा करेंगी। वह इंसेफ्लाइटिस वार्ड, नवनिर्मित सीसीयू तथा इंसेफ्लाइटिस के इलाज व रोकथाम की स्थिति का जायजा लेंगी।

-----------

प्रमुख सचिव भी गंभीर

मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे गोरखपुर जिले के नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव पशुधन एवं मत्स्य विभाग सुधीर एम बोगडे ने बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इंसेफ्लाइटिस के इलाज व रोकथाम पर चर्चा की। उन्होंने एंबुलेंस के संचलन तथा जननी सुरक्षा योजना आदि की ब्लाकवार रिपोर्ट भी तलब की।

-------------

दो दिन में छह मौतें

पूर्वाचल में इंसेफ्लाइटिस के कहर से स्थिति गंभीर बनी हुई है। बीते दो दिन में बीआरडी मेडिकल कालेज में 28 नए मरीज भर्ती किए गए, जबकि छह अन्य की मौत हो गई। नेहरू अस्पताल में भर्ती 88 मरीजों का इलाज चल रहा है।

जिन छह लोगों की मौत हुई है उनमें गोरखपुर के 11 साल के आर्यन, संतकबीरनगर की तीन साल की अनु शिखा, देवरिया की बारह साल की स्नेहा, बस्ती की 13 साल की आलिया, सिद्धार्थनगर की दो साल की आरती तथा पांच साल के तस्लीम शामिल हैं। भर्ती होने वालों में गोरखपुर के 10, कुशीनगर के पांच, देवरिया व महराजगंज के तीन- तीन, सिद्धार्थनगर के दो, संतकबीरनगर के चार तथा बस्ती के एक मरीज हैं। इस साल पिछले एक जनवरी से अबतक बीआरडी मेडिकल कालेज में 460 मरीज भर्ती हो चुके हैं जिनमें से 120 की मौत हुई है।