विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एक बेड पर दो मरीज रखे जाने पर डीएम सख्त

By JagranEdited By:
Published: Tue, 01 Aug 2017 12:57 AM (IST)

गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कालेज के इंसेफ्लाइटिस वार्ड में अव्यवस्था, एक बेड पर दो-दो मरीज रखे जाने व न

एक बेड पर दो मरीज रखे जाने पर डीएम सख्त
एक बेड पर दो मरीज रखे जाने पर डीएम सख्त

गोरखपुर

बीआरडी मेडिकल कालेज के इंसेफ्लाइटिस वार्ड में अव्यवस्था, एक बेड पर दो-दो मरीज रखे जाने व नवजातों की मौत को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। इसे लेकर डीएम राजीव रौतेला सोमवार की शाम बीआरडी पहुंचे और प्राचार्य तथा दूसरे अधिकरियों के साथ बैठक की। यह तय हुआ कि जिन मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है उनको दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया जाए जिससे आइसीयू में भार कम हो सके।

बाल रोग के वार्ड संख्या छह को शुरू कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में इंसेफ्लाइटिस वार्ड से हटाई गई दस नर्सो की दोबारा एनएचएम के तहत नए सिरे से नियुक्ति की बात तय हुई। बताया गया कि इंसेफ्लाइटिस वार्ड में कार्यरत कर्मचारियों के तीन महीने से बकाया वेतन के लिए 3.96 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। वेतन भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इंसेफ्लाइटिस विकलांग हुए मरीजों के लिए स्थापित पीएमआर सेंटर में कार्यरत कर्मचारियों को पिछले 17 मरीजों से वेतन भुगतान पर भी चर्चा हुई।

इसी दौरान नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में अव्यवस्था की बात भी उठी। बताया गया कि 33 नए वार्मर खरीदने के लिए आर्डर दिया जा चुका है। तय हुआ कि व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग से बजट का अनुरोध किया जाए। मेडिकल कालेज में तैनात पीएमएस के डाक्टरों की मूल कैडर में वापसी पर भी चर्चा हुई। बैठक में डीएम राजीव रौतेला, बीआरडी मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. राजीव मिश्र, एडी हेल्थ डा. पुष्कर आनंद सहित अन्य लोग मौजूद थे।

--------------

इंसेफ्लाइटिस से दो दिन में चार मौत

पूर्वाचल में इंसेफ्लाइटिस के मरीजों की भर्ती व मौतों का सिलसिला जारी है। बीते दो दिनों में बीआरडी मेडिकल कालेज में 22 नए मरीज भर्ती किए गए जबकि चार अन्य की मौत हो गई। नेहरू अस्पताल में भर्ती मरीजों की तादाद बढ़ कर 74 हो गई है।

जिन चार लोगों की मौत हुई है उनमें कुशीनगर की 14 साल की बबिता, पांच साल की आंचल, बस्ती की 16 साल की ज्योति तथा सिद्धार्थनगर की 14 साल की पूनम शामिल हैं। भर्ती होने वालों में गोरखपुर के पांच, महराजगंज व बिहार के चार-चार, कुशीनगर के तीन, देवरिया व संतकबीरनगर के दो-दो, तथा सिद्धार्थनगर व बस्ती के एक-एक मरीज शामिल हैं। इस साल एक जनवरी से अबतक बीआरडी मेडिकल कालेज में 378 मरीज भर्ती हो चुके हैं, जिनमें से 102 की मौत हुई है।