यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इंसेफ्लाइटिस से तीन दिन में दस मौतें
गोरखपुर पूर्वाचल में इंसेफ्लाइटिस का कहर जारी है। स्थिति यह है कि बीआरडी मेडिकल कालेज में पिछले त

गोरखपुर
पूर्वाचल में इंसेफ्लाइटिस का कहर जारी है। स्थिति यह है कि बीआरडी मेडिकल कालेज में पिछले तीन दिन में पैंतीस नए मरीज भर्ती किए गए, जबकि दस अन्य की मौत हो गई। मृतकों में सर्वाधिक छह मरीज कुशीनगर जिले के हैं। नेहरू अस्पताल में 76 मरीजों का इलाज चल रहा है।
इंसेफ्लाइटिस से जिन दस लोगों की मौत हुई है, उनमें देवरिया की साढ़े तीन साल की दिव्या, कुशीनगर की चार साल की दिशा, पांच साल की खुशी, ग्यारह साल की निशा, दस साल की शांति कुमारी, डेढ़ साल की अनुष्का, ढाई साल की रीता, गोरखपुर की दस महीने की शिक्षा, संतकबीरनगर की आठ महीने की निधि तथा सिद्धार्थनगर की छह साल की अन्नू शामिल हैं। भर्ती होने वालों में गोरखपुर के सर्वाधिक दस मरीज हैं। कुशीनगर के सात, देवरिया व सिद्धार्थनगर के चार-चार, महराजगंज व बस्ती के तीन-तीन, संतकबीरनगर के दो तथा मऊ व बिहार के एक मरीज भी भर्ती हैं। इस साल एक जनवरी से अबतक बीआरडी मेडिकल कालेज में 1616 मरीज भर्ती हो चुके हैं, जिनमें से 415 की मौत हुई है।
