यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डेंगू से एक और मौत, सात नए मरीज
गोरखपुर पूर्वाचल में डेंगू से स्थिति गंभीर होती जा रही है। बीमार से महानगर निवासी एक महिला की मौत

गोरखपुर
पूर्वाचल में डेंगू से स्थिति गंभीर होती जा रही है। बीमार से महानगर निवासी एक महिला की मौत हो गई। उधर एक निजी अस्पतालों से सात नए मरीजों का सेम्पुल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
शहर के वार्ड संख्या 41 साहबगंज स्थित मिर्जापुर काली मंदिर के पास रहने वाली 42 वर्षीय सीमा देवी की मौत बीती रात गोलघर स्थित गर्ग हास्पिटल में हो गई। वार्ड के पार्षद सौरभ विश्वकर्मा ने इसकी पुष्टि की। गोरखपुर व आसपास के क्षेत्र में डेंगू से यह सातवीं मौत है। इसके पहले तीन मौत बीआरडी मेडिकल कालेज जबकि तीन मौत बड़हलगंज क्षेत्र के मरीजों की हो चुकी है। रोजाना बड़ी तादाद में लोगों में बीमारी की पुष्टि होने का सिलसिला भी जारी है। सिर्फ गोरखपुर जिला अस्पताल की पैथालॉजी में हुई जांच में डेढ़ सौ से अधिक लोगों में बीमारी सामने आ चुकी है। बीआरडी मेडिकल कालेज की संख्या अलग है। शहर के कई पैथालॉजी सेंटर व अस्पताल ऐसे हैं जहां बड़ी तादाद में लोगों में बीमारी की पुष्टि हो रही है पर सही जानकारी न दिए जाने से यह संख्या स्वास्थ्य विभाग की अधिकृत सूची में शामिल नहीं है। बताया जाता है कि स्वास्थ्य विभाग के पास जो सूची है वह कुल मरीजों की संख्या का एक-चौथाई भी नहीं है।
-------------
इंसेफ्लाइटिस ने ली तीन और जानें
इंसेफ्लाइटिस के मरीजों की भर्ती व मौतों का सिलसिला जारी है। बीते चौबीस घंटे में बीआरडी मेडिकल कालेज ग्यारह नए मरीज भर्ती किए गए जबकि तीन अन्य की मौत हो गई। नेहरू अस्पताल में भर्ती अस्सी मरीजों का इलाज चल रहा है। जिन तीन लोगों की मौत हुई है उनमें गोरखपुर के खजनी के छह साल के पवन, गुलरिहा की चार साल की अंशिका तथा बांसगांव के तीन साल के नीतीश शामिल हैं। भर्ती होने वालों में गोरखपुर के चार, सिद्धार्थनगर के दो तथा देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बिहार व नेपाल के एक-एक मरीज हैं। इस साल बीते एक जनवरी से अबतक 1447 मरीज मेडिकल कालेज में भर्ती हुए हैं जिनमें से 374 की मौत हुई है।
--------
