विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डेंगू से छात्रा की मौत,अठारह नए मरीज

By Edited By:
Published: Mon, 10 Oct 2016 01:26 AM (IST)

गोरखपुर गोरखपुर व आसपास के जिलों में डेंगू बेकाबू होता जा रहा है। शनिवार की रात मेडिकल कालेज में

News Article Hero Image

गोरखपुर

गोरखपुर व आसपास के जिलों में डेंगू बेकाबू होता जा रहा है। शनिवार की रात मेडिकल कालेज में डेंगू से एक छात्रा की मौत हो गई। रविवार को जिला अस्पताल की पैथालॉजी में बीस मरीजों के सेम्पुल की जांच में अठारह में बीमारी की पुष्टि की गई। बीस में अठारह मरीज गुरु गोरक्षनाथ अस्पताल व दो जिला अस्पताल में भर्ती हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम डेंगू के मरीजों की भर्ती की सूचना मिलने पर महानगर स्थित गुरु गोरक्षनाथ अस्पताल पहुंची थी। यहां से अठारह मरीजों के नमूने लिए। जब जांच की गई तो इनमें से सोलह में बीमारी सामने आई। इन मरीजों में बड़हलगंज के रोहित, धर्मेद्र, अशोक, रविशंकर, पवन कुमार व आनंद विशाल, देवरिया के सुधाकर, रविप्रकाश, धीरज कुमार, अभिषेक, हर्ष, सत्यदेव राय, रवि सिंह व राकेश यादव तथा संतकबीरनगर के हरिगोविंद, दोहरीघाट के संतोष गुप्ता, माया बाजार गोरखपुर के विशाल चौधरी तथा एक अन्य मरीज झिनकू राय शामिल हैं।

इसके अलावा जिला अस्पताल में भर्ती दो मरीजों में भी बीमारी की पुष्टि हुई। इसमें शहर के नखास क्षेत्र की अफसरी व देवरिया की दीक्षा शामिल हैं। इन मरीजों को मिलाकर जिला अस्पताल की पैथालॉजी जांच के लिए भेजे गए सेम्पुल में 105 में डेंगू सामने आ चुका है।

---------

छात्रा की मौत में लापरवाही का आरोप

जंगल धूसड़ संवाददाता के मुताबिक सिल्वर हाईट एकेडमी में पढ़ने वाली कक्षा सात की छात्रा अंशिका पांडेय की मध्य रात्रि में मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। चरगावा विकास खंड अंतर्गत क्षेत्र पंचायत के वार्ड नंबर 15 के पवनपुरम निवासी प्रमोद पांडेय व मीरा पांडेय ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री के इलाज में लापरवाही के कारण मौत हुई है।

................

ओपीडी में पहुंचे बुखार के 64 मरीज

डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए रविवार को भी जिला अस्पताल के मेडिसिन व बाल रोग विभाग की ओपीडी खुली रही। इस दौरान बुखार के 64 मरीज पहुंचे। बीस में डेंगू के लक्षण पाए गए जिनके नमूने जांच के लिए जिला अस्पताल की पैथालॉजी में भेजे गए हैं।

--------------

बड़हलगंज में रोकथाम की कोशिशें तेज

उधर डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग गंभीर हो गया है। सीएमओ डा. रवींद्र कुमार के मुताबिक पूरे जिले में बीमारी की रोकथाम व इलाज के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। रविवार को आठ टीमें लगाकर बड़हलगंज क्षेत्र में फागिंग कराई गई। कैंप लगाकर लोगों को जागरूक किया गया। टीमें प्रभावित क्षेत्र में घर-घर जाकर वहां जलजमाव, मच्छरों व लार्वा को नष्ट कर रही हैं। रविवार को भी अस्पतालों की ओपीडी चली जहां पर पहुंचे मरीजों का इलाज किया गया।

-------