विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 30, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इंसेफ्लाइटिस के दर्द से रूबरू हुए मुख्य सचिव

By Edited By:
Published: Fri, 30 Sep 2016 02:49 AM (IST)

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने गुरुवार को बीआरडी मेडिकल कालेज पहुंचकर भर्ती इं

News Article Hero Image

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने गुरुवार को बीआरडी मेडिकल कालेज पहुंचकर भर्ती इंसेफ्लाइटिस मरीजों का हाल जाना। परिजनों से बातचीत की और दवाओं व सुविधाओं की जानकारी ली। कालेज परिसर में ही निर्माणाधीन पांच सौ बेड के बाल चिकित्सा संस्थान का निरीक्षण किया। कार्य प्रगति को लेकर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों की क्लास ली।

मासूमों को देखने के बाद व्यथित मुख्य सचिव ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों का कष्ट देखकर दुख होता है। इन मरीजों के इलाज में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। दूसरी जगहों से डाक्टर व स्टाफ भेजे जाएंगे। दवाओं व उपकरणों के लिए जितने भी बजट की जरूरत होगी, सरकार देगी। इंसेफ्लाइटिस यहां की पुरानी समस्या है, इससे निपटने के लिए दीर्घकालिक योजना बनानी होगी।

मुख्य सचिव सबसे पहले मेडिकल कालेज के सौ बेड के इंसेफ्लाइटिस वार्ड में गए। बेड संख्या 27 पर भर्ती सिद्धार्थनगर की तीन साल की शमा, बेड 46 पर भर्ती बेतिया बिहार की पांच साल की एजमुल निशा तथा बेड 47 पर भर्ती आठ साल के शाहरुख के परिजनों से मिले। पूछा कब से भर्ती हैं। दवा व अन्य सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। इसके बाद इसके ऊपर की मंजिल पर स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में गए। यहां संसाधनों, वेंटीलेटर आदि के बारे में पूछा।

यहां से कालेज परिसर में निर्माणाधीन पांच सौ बेड के बाल चिकित्सा संस्थान पहुंचे। यहां कार्य में प्रगति का जायजा लिया।

------------

मुख्य सचिव को सौंपा प्रस्ताव

मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा.राजीव मिश्र ने इंसेफ्लाइटिस के इलाज में जरूरतों आदि से संबंधित प्रस्ताव मुख्य सचिव को सौंपा। उन्होंने बीस डाक्टर, एक सौ दस कर्मचारियों के साथ ही उपकरणों, गैलरी लेक्चर थिएटर व दवाओं आदि के लिए लगभग साठ करोड़ का प्रस्ताव सौंपा।

-----------

निरीक्षण के दौरान ही तीन मौतें

मेडिकल कालेज के बाल रोग विभाग में स्थिति कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस दौरान ही तीन मासूमों ने दम तोड़ दिया। मुख्य सचिव बीआरडी मेडिकल कालेज में साढ़े दस बजे से थोड़ी देर पहले पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे रहे। इस दौरान 10.25 बजे भाटपाररानी के दिव्यांशु, 10.30 बजे रुद्रपुर की मनीषा तथा 11.30 बजे इंसेफ्लाइटिस से पीड़ित गोरखपुर के संजीव कुमार ने दम तोड़ दिया।

--------

दिए जरूरी निर्देश

मुख्य सचिव ने प्राचार्य कार्यालय में मेडिकल कालेज व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इंसेफ्लाइटिस की समस्या, इलाज के संसाधन व कमियों आदि के बारे में जानकारी ली व जरूरी निर्देश दिए।