विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इंसेफ्लाइटिस की दवा खत्म, जांच भी ठप

By Edited By:
Published: Sun, 05 Jun 2016 01:46 AM (IST)

गोरखपुर : बीते वर्ष की तुलना में इस बार इंसेफ्लाइटिस से मौतों की तादाद बढ़ी है, तो दूसरी तरफ पूर्वाच

News Article Hero Image

गोरखपुर : बीते वर्ष की तुलना में इस बार इंसेफ्लाइटिस से मौतों की तादाद बढ़ी है, तो दूसरी तरफ पूर्वाचल में इस बीमारी के इलाज के सबसे बड़े सेंटर बीआरडी मेडिकल कालेज में न केवल दवा खत्म हो गई है, बल्कि जांच भी ठप है। अधिकारियों को इस संवदेनशील मामले की पूरी जानकारी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

बीमारी की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले साल कुल भर्ती मरीजों में से मरने वालों की तादाद 17 फीसद थी। वहीं इस साल यह संख्या बढ़कर 23 फीसद तक पहुंच गई है। इसके बावजूद बचाव के इंतजाम तो नदारद हैं ही, बीआरडी मेडिकल कालेज जहां करीब तीन-चौथाई मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, दवा भी नहीं है। हालत यह है कि तकरीबन सभी दवाएं खत्म हैं। यह स्थिति करीब तीन हफ्ते से है। खुद नेहरू अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा.एके श्रीवास्तव ने प्राचार्य को पत्र लिखकर ऐसी पचीस दवाओं की सूची भेजी है, जिनका इस्तेमाल इंसेफ्लाइटिस के इलाज में होता है। पत्र कई बार भेजा जा चुका है, पर अभी कोई भी कार्रवाई होना बाकी है। वार्ड में भर्ती मरीज के परिजनों को बाहर से खरीदनी पड़ रही है।

बात यही तक नहीं है। इंसेफ्लाइटिस के मरीजों की जांच के भी इंतजाम नहीं है। वार्ड संख्या बारह में डेवलपर व रसायनों के अभाव में एक्स-रे ठप है, तो कर्मचारी के अभाव में जरूरी ईईजी जांच नहीं हो पा रही है।

नेहरू अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा.एके श्रीवास्तव ने कहा कि खत्म हुई दवाओं की सूची प्राचार्य को भेजी गई है। दवाएं खरीदने की प्रक्रिया जारी है, जल्द दवाएं उपलब्ध हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि बाल रोग विभाग के डाक्टरों द्वारा बार-बार दवाएं बदलने से भी दिक्कत हो रही है। उनके द्वारा पहले से डिमांड की गई जो दवाएं बची भी हैं, अब वह मरीजों को नहीं लिख रहे हैं, जिससे परेशानी हो रही है। पिछले दिनों प्राचार्य द्वारा बुलाई बैठक में यह बात उठाई गई थी, पर सुधार नहीं है। जहां तक जांच ठप होने की बात है तो कुछ दिक्कतों के चलते समस्या है। जल्द जांच शुरू हो जाएंगी।