विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इंसेफ्लाइटिस ने ली दस और जानें

By Edited By:
Published: Tue, 15 Sep 2015 02:02 AM (IST)

जागरण संवाददाता, गोरखपुर पूर्वाचल में इंसेफ्लाइटिस बेकाबू हो चला है। शनिवार को ग्यारह मौतों के बाद

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, गोरखपुर

पूर्वाचल में इंसेफ्लाइटिस बेकाबू हो चला है। शनिवार को ग्यारह मौतों के बाद अधिकारी हालात को काबू करने में लगे ही थे कि बीते दो दिन में बीमारी ने दस और लोगों को मौत की नींद सुला दिया। तीन दिन के भीतर 63 मरीजों की भर्ती व 21 मौतों ने अधिकारियों की नींद उड़ा दी है।

बीते दो दिन में जो दस मौतें हुई हैं उनमें गोरखपुर के तेरह साल के विकास व पांच साल के प्रेम, देवरिया की आठ साल की सीमा, दस साल के फिरोज, चौदह साल के रामलखन तथा आठ साल की सुशीला, महराजगंज के चौबीस साल के विरेंद्र, सिद्धार्थनगर की पंद्रह साल की सविता, कुशीनगर की चार साल की ज्योति व बिहार की बारह साल की अंश कुमार शामिल हैं। दो दिन में भर्ती होने वाले 48 मरीजों में गोरखपुर के बारह, कुशीनगर के नौ, देवरिया के सात, बिहार के छह, महराजगंज के छह, बस्ती के तीन तथा सिद्धार्थनगर के तीन व संतकबीरनगर के दो मरीज हैं। इस साल पिछले एक जनवरी से बीआरडी मेडिकल कालेज में 928 मरीज भर्ती हुए हैं जिनमें से 191 की मौत हुई है।

उधर लगातार मौतों की सूचना पर गोरखपुर के दौरे पर आए प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं विकलाग कल्याण मंत्री अम्बिका चौधरी ने बीआरडी मेडिकल कालेज का औचक निरीक्षण किया और इंसेफ्लाइटिस के मरीजों के परिजनों से मुलाकात कर उनको मिल रही दवाओं व सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कहा कि प्रदेश सरकार इंसेफ्लाइटिस के प्रति संवेदनशील है और बेहतर से बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है। पिछले वर्षो की अपेक्षा इस वर्ष स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर हो गयी है। हम सभी को मिलकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास करना होगा। इंसेफ्लाइटिस के फैलने के जो भी कारण हैं उसको जड़ से समाप्त करने के लिए प्रयास करना होगा। इस बीमारी के निराकरण मे आशाओं आदि के सहयोग के बारे मे विस्तृत कार्ययोजना बनाने को भी कहा, जिससे उनका भी सहयोग लेकर गांव-गांव मे लोगो को इस बीमारी के बारे मे जागरूक किया जा सके।

इससे पूर्व मण्डलायुक्त पी गुरुप्रसाद और जिलाधिकारी रंजन कुमार ने भी मेडिकल कालेज पहुंचकर इंसेफ्लाइटिस के मरीजों की स्थिति को देखा। कहा कि जिस भी सहायता की उन्हें आवश्यकता हो उसे तत्काल बताया जाए जिससे उनकी हर मदद की जा सके।

-----------------

आज आएंगे प्रमुख सचिव

इंसेफ्लाइटिस से गंभीर हुई स्थिति के बीच प्रदेश के प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा अनूप पांडेय मंगलवार को मेडिकल कालेज पहुंच रहे हैं। प्रमुख सचिव इंसेफ्लाइटिस वार्ड का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही प्रशासन व मेडिकल कालेज के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति पर चर्चा करेंगे। उधर प्रमुख सचिव के आने के पहले प्रदेश के आगरा, इलाहाबाद व झांसी मेडिकल कालेजों से सात जूनियर डाक्टर बीआरडी मेडिकल कालेज में इंसेफ्लाइटिस के मरीजों के इलाज के लिए पहुंच गए।

-------