यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 26, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इंसेफ्लाइटिस ने पांच दिनों में ली 33 जानें

जागरण संवाददाता,गोरखपुर
पूर्वाचल में इंसेफ्लाइटिस के कहर से स्थिति गंभीर बनी हुई है। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बीमारी ने पिछले पांच दिन में 33 लोगों को मौत की नींद सुला दिया। उधर मरीजों के भर्ती होने व मौतों का सिलसिला लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे में बीआरडी मेडिकल कालेज में चौबीस नए मरीज भर्ती किए गए जबकि सात अन्य की मौत हो गई। नेहरू अस्पताल में भर्ती 165 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिन सात की मौत हुई है उनमें गोरखपुर के दो साल के ओम सागर, पांच वर्षीय नरगिस, चार साल की काजल, सात साल के विवेक, देवरिया की छह साल की रिया, महराजगंज की दस साल की खुशी तथा सिद्धार्थनगर के सात साल के उमेश शामिल हैं। भर्ती होने वालों में गोरखपुर के सर्वाधिक दस, कुशीनगर के चार, देवरिया व महराजगंज के तीन-तीन तथा बिहार व सिद्धार्थनगर के दो-दो मरीज शामिल हैं। इस साल पिछले एक जनवरी से अबतक बीआरडी मेडिकल कालेज में 781 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं जिनमें से 228 की मौत हुई है।
------------------
ऐसे हुई मौतें
तारीख मौतें
22 अगस्त 9
23 अगस्त 9
24-25 अगस्त 8
26 अगस्त 7
--------------
