यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इंसेफ्लाइटिस ने दो दिन में ली आठ जानें

जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
पूर्वाचल में इंसेफ्लाइटिस के कहर से स्थिति गंभीर बनी हुई है। मरीजों के भर्ती होने व मौतों का सिलसिला जारी है। बीते दो दिनों में बीआरडी मेडिकल कालेज में तैंतीस नए मरीज भर्ती किए गए जबकि आठ अन्य की मौत हो गई। नेहरू अस्पताल में भर्ती 159 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिन आठ लोगों की मौत हुई है उनमें गोरखपुर के चार साल के सचिन, कुशीनगर के पांच साल के आदित्य, दस साल के अनिकेत व दस साल के प्रियांशु, देवरिया की पांच वर्षीय सुनीता, संतकबीरनगर की बीस वर्षीय गीता, सिद्धार्थनगर के आठ साल अरुण तथा महराजगंज की दस वर्षीय मधु शामिल हैं। भर्ती होने वालों में गोरखपुर के सर्वाधिक चौदह, कुशीनगर के पांच, देवरिया व महराजगंज के चार-चार, सिद्धार्थनगर व बस्ती के दो-दो तथा संतकबीरनगर व मऊ के एक-एक मरीज हैं। इस साल पिछले एक जनवरी से बीआरडी मेडिकल कालेज में 757 मरीज भर्ती हो चुके हैं जिनमें से 221 की मौत हुई है।
