यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 23, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इंसेफ्लाइटिस ने चौबीस घंटे में ली नौ जानें

जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
पूर्वाचल व आसपास के क्षेत्रों में इंसेफ्लाइटिस का कहर तेज होता जाता रहा है। पिछले चौबीस घंटे में बीआरडी मेडिकल कालेज में इक्कीस नए मरीज भर्ती किए गए जबकि नौ अन्य की मौत हो गई। नेहरू अस्पताल के विभिन्न वार्डो में 148 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिन नौ लोगों की मौत हुई है उनमें गोरखपुर के आठ साल के भोला, पांच साल के शशांक, देवरिया के बारह साल के आफताब, पांच वर्षीय अर्पिता, बस्ती के साढ़े तीन साल के नेबूलाल, संतकबीरनगर के चार साल के सतीश, बलरामपुर के बारह साल के इमरान, कुशीनगर के दो साल के शाहजहां तथा बिहार की ग्यारह वर्षीय निशा शामिल हैं।
भर्ती होने वालों में गोरखपुर के सर्वाधिक आठ, देवरिया व कुशीनगर के तीन-तीन, महराजगंज के दो तथा सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, संतकबीरनगर व बिहार के एक-एक मरीज हैं। इस साल एक जनवरी से अब तब बीआरडी मेडिकल कालेज में 724 मरीज इलाज के लिए आ चुके हैं जिनमें से 213 की मौत हो चुकी है।
रोजाना मेडिकल कालेज में मरीजों की तादाद बढ़ती जा रही है। फिलहाल यह तादाद डेढ़ सौ है। यदि इसी तरह भारी संख्या में मरीज भर्ती होते रहे तो यहां बेड व डाक्टर कम पड़ जाएंगे।
