यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इंसेफ्लाइटिस ने चौबीस घंटे में ली चार जानें

जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
पूर्वाचल में इंसेफ्लाइटिस के मरीजों की भर्ती व मौतों का सिलसिला तेज होता जा रहा है। बीते चौबीस घंटे में बीआरडी मेडिकल कालेज में 29 नए मरीज भर्ती किए गए जबकि चार अन्य की मौत हो गई। नेहरू अस्पताल में भर्ती 110 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिन चार मरीजों की मौत हुई है उनमें गोरखपुर की नौ साल की तान्या, कुशीनगर के आठ साल के शिवानंद, महराजगंज की 11 साल की अंकिता व देवरिया के नौ साल के यशवंत शामिल हैं। भर्ती होने वालों में गोरखपुर के सर्वाधिक बारह, कुशीनगर व बिहार के चार-चार, महराजगंज व संतकबीरनगर के तीन-तीन तथा बस्ती, सिद्धार्थनगर व देवरिया के एक-एक मरीज हैं। इस साल पिछले एक जनवरी से अब तक बीआरडी मेडिकल कालेज में 535 मरीज इलाज के लिए आ चुके हैं जिनमें से 110 की मौत हो चुकी है।
