किलाबंदी अभियान में पकड़े गए 956 यात्री
जागरण संवाददाता, गोरखपुर : रेलवे स्टेशन पर शनिवार को आपरेशन चक्रव्यूह के तहत किलाबंदी अभियान चलाया गया। सुबह 6 से शाम 6 बजे तक लगातार यह अभियान चला। इस दौरान स्टेशन से कुल 956 अनियमित और बिना टिकट यात्री पकड़े गए। उनसे जुर्माना के रूप में 5 लाख 13 हजार रुपये वसूला गया।
अभियान के तहत स्टेशन के सभी प्रमुख द्वारों पर यात्रियों की जांच की गई। प्लेटफार्म नंबर 1 से लगायत 9 तक के यात्रियों का टिकट चेक किया गया। यहां चलने वाली ट्रेनों के अलावा रन थ्रू ट्रेनों के यात्रियों को भी चेक किया गया। इसके अलावा बुक सामानों की भी जांच हुई। स्टेशन पर गंदगी फैलाते 19 यात्री भी पकड़े गए। उनसे जुर्माना के रूप में 25 सौ रुपये वसूला गया। स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने पर अधिकतम 500 रुपये तक का जुर्माना लगता है। इसके अलावा 173 यात्री बिना टिकट पकड़े गए। उनसे 1 लाख 14 हजार रुपये वसूले गए। 751 ऐसे यात्री पकड़े गए जो अनियमित थे, यानी, उनके पास निर्धारित टिकट आदि नहीं था। ऐसे में जांच टीम ने मौके पर ही यात्रियों से 3 लाख 80 हजार रुपये वसूला। बिना बुक कराये सामान के साथ भी 13 यात्री पकड़े गए। बता दें कि जांच अभियान लखनऊ मंडल के एडीआरएम एमके अग्रवाल के नेतृत्व में चला। जांच टीम का निर्देशन एरिया मैनेजर जेपी सिंह ने की। टीम में मुख्य टिकट निरीक्षक मुकुल शाह, केएन श्रीवास्तव, अशोक कुमार श्रीवास्तव, छोटेलाल, विराज सिंह, शमसाद अली आदि के अलावा आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी शामिल थे।