यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बरसात के साथ तेज हुआ इंसेफेलाइटिस का कहर

जागरण संवाददाता, गोरखपुर
बरसात के साथ इंसेफेलाइटिस के मरीजों की भर्ती की रफ्तार भी तेज हो गई है। बीते आठ दिनों में सिर्फ बीआरडी मेडिकल कालेज में पचीस नए मरीज भर्ती हुए हैं। इस समय यहां भर्ती तीस से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है।
इस महीने के पहले दो दिनों में छह मरीज, तीन व चार जुलाई को आठ मरीज, पांच से सात जुलाई को आठ मरजी व आठ जुलाई को तीन नए मरीज बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती किए गए। इस साल की बात करें तो अबतक मेडिकल कालेज व दूसरे सरकारी अस्पतालों में कुल मिलाकर 321 मरीज इलाज के लिए भर्ती हो चुके हैं जिनमें से 92 की मौत हो चुकी है। गोरखपुर मंडल में हालात सर्वाधिक गंभीर है। सिर्फ इसी मंडल के चार जिलों के 228 मरीज भर्ती हुए हैं जिनमें से 65 की मौत हुई। गोरखपुर जिले के अबतक 61 मरीज भर्ती हुए हैं जिनमें से 22 की मौत हुई है। देवरिया से भर्ती होने वाले 69 मरीजों में से 17 को बचाया नहीं जा सका। इसी तरह कुशीनगर के 53 में से 13 जबकि महराजगंज के 45 में से 13 मरीजों की मौत हुई है। इसके अलावा जिन जिलों के मरीज भर्ती हुए हैं उनमें बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, बलरामपुर, गोंडा, मऊ, बलिया के साथ ही बिहार व नेपाल के भी मरीज हैं।
---------------
ऐसे बढ़े मरीज
तिथि संख्या
1 जुलाई 3
दो जुलाई 3
तीन जुलाई 2
चार जुलाई 6
5-7 जुलाई 8
आठ जुलाई 3
-----------
