विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आज से इंसेफेलाइटिस जागरुकता अभियान

By Edited By:
Published: Sun, 22 Jun 2014 12:46 AM (IST)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, गोरखपुर :

जिले में इंसेफेलाइटिस की रोकथाम के लिए जागरुकता अभियान 23 से 27 जून तक चलना है। मध्य प्रचार प्रसार गतिविधियों के आयोजन की शुरुआत विकास खंड पिपराइच के ग्राम गोपलापुर में 23 जून को सुबह 9 बजे भारत सरकार एवं स्वास्थ मंत्रालय द्वारा प्रदेश के लिए गठित टास्क फोर्स के अध्यक्ष सत्यब्रत साहू संयुक्त सचिव द्वारा की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी कुमार प्रशान्त के अनुसार अभियान शुरू होने से पूर्व 22 जून को प्रात: 8.30 बजे रिजनल स्पोर्ट स्टेडियम से जन जागरुकता रैली निकाली जाएगी जो स्टेडियम से प्रारम्भ होकर छात्र संघ चौराहा, कचहरी बस स्टेशन, अम्बेडकर चौराहा, शास्त्री नगर चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में समाप्त होगी।

मच्छरों व दूषित पेयजल से बचें: सीएमओ

जापानी इंसेफेलाइटिस मच्छरों द्वारा एवं एइएस दूषित पेयजल से फैलता है। इस बीमारी में अचानक तेज बुखार, गर्दन में अकड़न बेहोशी, झटकों का आना सामान्य लक्षण है। लक्षण दिखते ही रोगी को नजदीक के सरकारी अस्पताल पर ले जाना चाहिए। मरीज को अस्पताल ले जाते समय दाहिने या बायें करवट लिटाना चाहिए। रोगी को तेज बुखार होने पर पानी की पट्टी या गीले कपड़े से बदन पोछना चाहिए। बेहोशी की हालत में मरीज के मुंह में कोई भी पदार्थ न डालें तथा न उसे हिलायें और न जगाएं।

आज आएंगे संयुक्त सचिव पेयजल

सत्यब्रत साहू संयुक्त सचिव एवं डी. राजशेखर उप सलाहकार पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय भारत सरकार का जनपद में इंसेफेलाइटिस के संबंध में भारत सरकार के चिकित्सा एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा गठित टास्क फोर्स की बैठक हेतु भ्रमण कार्यक्रम 22 व 23 जून को प्रस्तावित है। संयुक्त सचिव 22 जून को सायं गोरखपुर आयेंगे तथा 23 जून को पूर्वान्ह 11 बजे इंसेफेलाइटिस की बीमारी के रोकथाम हेतु तैयारी के संबंध में समीक्षा बैठक जीडीए सभागार में करेंगे। शाम 4 बजे गोरखपुर से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जायेंगे।