विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मौतें घटाने की मुहिम में जुटेंगे विश्व के वैज्ञानिक

By Edited By:
Published: Fri, 17 Jan 2014 12:49 AM (IST)Updated: Fri, 17 Jan 2014 12:50 AM (IST)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, गोरखपुर :

पूर्वाचल में बीते साढे़ तीन दशक से इंसेफेलाइटिस से हर साल होने वाली सैकड़ों मौतें घटाने की मुहिम में दुनिया भर के वैज्ञानिक लगेंगे। बीते वर्षो में स्थानीय स्तर पर बीमारी को लेकर हुए शोध व इलाज को और आगे बढ़ाने के लिए उनकी मदद ली जाएगी। गुरुवार को समिति के अध्यक्ष डा. नागभूषण राव व अन्य विशेषज्ञों की बैठक में इस पर सहमति बनी।

डा. राव ने बीआरडी मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. केपी कुशवाहा व अन्य विशेषज्ञों के साथ गुरुवार को इस पर लंबी चर्चा की। उन्होंने पूर्वाचल में इंसेफेलाइटिस की दस्तक से लेकर अब तक पीड़ित लोगों, हुई मौतों के साथ ही बीमारी के कारण व इलाज के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस समय मौजूद जांच व इलाज की सुविधा के बारे में जानकारी ली। बीमारी के इलाज व जांच के संबंध में अबतक हुए शोध की भी समीक्षा की। समय-समय पर जांच व इलाज के तरीकों, उपलब्ध सुविधाओं, सुधार पर मंथन किया। इस बात पर जोर दिया गया अब तक हुए कार्यो के बारे में देश व दुनिया में इस विषय पर कार्य कर रहे वैज्ञानिकों से चर्चा की जाए जिससे उनके अनुभवों का भी फायदा मिल सके।

इसके पहले बीआरडी मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. केपी कुशवाहा व नेशनल इंस्टीच्यूट आफ वायरोलॉजी के निदेशक डा. मिलिंद गोरे, जो कि खुद कमेटी के भी सदस्य हैं ने अपने स्तर से इंसेफेलाइटिस की जांच व इलाज पर हुए शोध कार्यो का जायजा लिया। दोनों ने मेडिकल कालेज व वायरोलॉजी सेंटर का निरीक्षण किया।

एक अन्य टीम जिला अस्पताल भी गई और वहां की व्यवस्था देखी। बीआरडी मेडिकल कालेज के सोशल एंड प्रिवेंटिव मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डा. डीके श्रीवास्तव व अन्य सदस्यों ने सहजनवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया और वहां इलाज की सुविधाओं की जानकारी ली। एक अन्य टीम ने भी बीमारी से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

बाद में शाम को फिर सभी सदस्यों ने बैठक कर पूरी स्थिति पर चर्चा की। यहां से लौटकर टीम प्रदेश सरकार को अपनी रिपोर्ट देगी।

बता दें कि प्रदेश सरकार ने पूर्वाचल में इंसेफेलाइटिस से हो रही मौतों की संख्या कम करने के सिलसिले में इस कमेटी का गठन किया था। पहली बार बीते साल नवंबर में टीम ने पूर्वाचल का दौरा किया था और मेडिकल कालेज के बैठक कर बीमारी के कारणों व इलाज पर लंबी चर्चा की थी। इस बार का दौरा उसी की कड़ी है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर