यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इंसेफेलाइटिस पर काबू के लिए मंथन शुरू

जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
इंसेफेलाइटिस पर काबू व मौतों की संख्या कम करने लिए प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञों की कमेटी गोरखपुर पहुंच गई है। टीम के सदस्यों ने बुधवार को इस संबंध में बैठक कर आगे की रणनीति तय की। टीम के सदस्य गुरुवार को अलग-अलग टीमों में बंटकर मेडिकल कालेज, नेशनल इंस्टीच्यूट आफ वायरोलॉजी व अस्पतालों का दौरा करेंगे।
टीम का नेतृत्व आंध्र प्रदेश के डा. नागभूषण राव कर रहे हैं। टीम तीन दिनों तक पूर्वाचल में रहेगी। बुधवार की शाम हुई बैठक में इस संबंध में चर्चा हुई। इसमें अलग-अलग टीमें गठित की गई। यह टीमें मेडिकल कालेज, स्वास्थ्य केंद्रों, नेशनल इंस्टीच्यूट आफ वायरोलॉजी का दौरा करेंगी। यहां बीमारी की स्थिति, इलाज व जांच की व्यवस्था का अध्ययन करेंगी। अलग-अलग जगहों का दौरा करने के बाद टीम के सदस्य बैठक कर पूरी स्थिति पर विचार-विमर्श करेंगे। इस अवसर पर मेडिकल कालेज से लेकर स्वास्थ्य केंद्रों पर इलाज, लैब में जांच की व्यवस्था, बीमारी के सर्विलांस सहित कई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा होगी। कमेटी का मकसद पूर्वाचल में इंसेफेलाइटिस से हो रही मौतों को कम करना है और पूरी मशक्कत इसी को लेकर हो रही है।
बता दें कि टीम पहली बार नवंबर में गोरखपुर आई थी। तब उन्होंने मेडिकल कालेज व वायरोलॉजी सेंटर का दौरा किया था। साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक कर पूर्वाचल में इंसेफेलाइटिस से हो रही मौतों पर काबू करने पर चर्चा की थी। टीम इस संबंध में अध्ययन कर प्रदेश सरकार को अपनी रिपोर्ट देगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
