यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डेंगू का कहर जारी, दस नए मरीज भर्ती

- गुरु गोरक्षनाथ अस्पताल में चल रही बीस मरीजों का इलाज
लोगो: डेंगू
जागरण संवाददाता, गोरखपुर
गोरखपुर व आसपास के जिलों में डेंगू का कहर जारी है। बीते चौबीस घंटे में महानगर के गुरु गोरक्षनाथ अस्पताल में छह नए मरीज भर्ती किए गए। जबकि दो अन्य नर्सिंग होम में चार अन्य मरीज भर्ती किए गए हैं। अब भी बीस मरीजों का इलाज चल रहा है।
अस्पताल में उप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. राकेश तिवारी के मुताबिक भर्ती होने वालों में बिलंदपुर गोरखपुर के 63 वर्षीय एमपी सिंह, खजनी गोरखपुर के चौबीस साल के हनुमान पांडेय, पडरौना कुशीनगर की बत्तीस वर्षीय भावना जायसवाल, देवरिया के सैंतीस साल के मो. शफीक व अठाइस साल के रिंटू कुमार महराजगंज के पैंतीस साल के अनिल पांडेय शामिल हैं। इस साल एक सिंतबर से अबतक गुरु गोरक्षनाथ अस्पताल में 237 मरीज भर्ती हुए हैं। उधर गोरखपुर व अन्य जिलों के अस्पतालों में भी डेंगू के मरीजों की भर्ती का सिलसिला जारी है। सीएमओ डा. रमेश गुप्ता ने बताया कि इसके अलावा दो-दो मरीज सावित्री व आर्यन अस्पताल में भर्ती किए गए हैं।
------------------
53 नमूनों में डेंगू की पुष्टि
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विभिन्न अस्पताल में जाकर डेंगू के मरीजों के लिए गए नमूनों की जांच में 53 सेम्पुल में डेंगू की पुष्टि की गई है। बताया जाता है कि टीम ने गुरु गोरक्षनाथ अस्पताल, सावित्री हास्पिटल, आर्यन हास्पिटल व जिला अस्पताल में जाकर वहां भर्ती डेंगू के मरीजों के 69 नमूने लिए थे। जिला अस्पताल की पैथालॉजी में जांच के बाद 53 की रिपोर्ट पाजिटिव जबकि सोलह की निगेटिव आई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
