यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 28, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीएमओ आफिस की छत पर डेंगू के मच्छर

जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
महानगर में डेंगू से हालात लगातार भयावह होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की नींद नहीं टूटी है। हाल यह है रोकथाम व बचाव के केंद्र सीएमओ आफिस की छत पर डेंगू के मच्छरों व लार्वा की भरमार है। उधर शहर के लालडिग्गी व मिर्जापुर के जिन इलाकों में पिछले हफ्ते सर्वे में डेंगू के मच्छर व लार्वा मिले थे, वहां रोकथाम नहीं होने से अब वही स्थिति है। इससे महानगर में बीमारी का खतरा बना हुआ है।
शनिवार को डेंगू के मच्छरों के संबंध में सर्वे करने जब सीनीयिर एन्टामोलॉजिस्ट वीके श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम सीएमओ आफिस पहुंची तो वहां हालात चौंकाने वाले थे। कार्यालय की छत पर पड़े टायरों से जब पानी का सेम्पुल लिया गया कि तो उसमें भारी संख्या में डेंगू के मच्छर के लार्वा पाए गए। काफी तादाद में मच्छर भी मिले। छत पर खुली टंकी में भी वही स्थित पाई गई। साफ है दिन भर जिला अस्पताल में आने वाली भीड़ के बीच रहने वाले यह मच्छर यदि लोगों को काटेंगे तो समस्या गंभीर हो जाएगी।
इसके पहले टीम ने शहर के लाल डिग्गी व मिर्जापुर के उन इलाकों का फिर निरीक्षण किया जहां पिछले सप्ताह सर्वे में जगह-जगह जलजमाव व डेंगू के मच्छर व लार्वा मिले थे।
सर्वे में टीम लाल डिग्गी चौराहे के पास सेवा मेडिकल स्टोर्स के पीछे गई थी जहां प्लास्टिक के बाटल, जार का खुला स्टोर है। यहां सैकड़ों की संख्या में जार आदि खुले पड़े थे। अधिकांश में जलजमाव था तथा जल से भरे पात्रों में एडीज मच्छर के लार्वा तथा वयस्क मच्छर पाए गए थे।
इसी तरह मिर्जापुर चौराहा के पास डा. आरबी त्रिपाठी के सामने के भवन में जहां ट्रांसपोर्ट कं. व एक चिप्स की एजेंसी है, के अंदर जल जमाव एवं संचित जल में मच्छरों के लार्वा पाए गए थे। लाल डिग्गी चौराहे से पश्चिम टेस्टरी प्वाइंट के पीछे पानी से भरा ड्रम पाया गया जिसमें एडीज मच्छर का लार्वा पाया गया। इन्हीं स्थानों पर शनिवार को भी निरीक्षण में कोई परिवर्तन नहीं मिला।
------------------
डेंगू के सात और मरीज भर्ती
गोरखपुर व आसपास के जिलों में डेंगू का कहर जारी है। पिछले चौबीस घंटे में महानगर स्थित गुरु गोरक्षनाथ अस्पताल में डेंगू के छह व जिला अस्प्ताल में एक मरीज को भर्ती किया गया।
गुरु गोरक्षनाथ अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों में गोरखपुर के 28 साल के विष्णु, 28 साल के संदीप तथा 24 साल के सत्येंद्र कुमार, पडरौना के 19 साल के अमित, संतकबीरनगर के तीस साल के धर्मनाथ, बस्ती के तीस साल के रत्नेश शामिल हैं। उधर जिला अस्पताल में गोरखपुर के 28 वर्षीय जय कृष्ण यादव को भी शनिवार को भर्ती किया गया।
गुरु गोरक्षनाथ अस्पताल में अब भी 24 मरीजों का इलाज चल रहा है। यहां अबतक भर्ती मरीजों की संख्या अस्सी के पार हो चुकी है। जिला अस्पताल में भी अब तक पांच मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. आरपी त्रिपाठी के पास भी डेंगू के तीन मरीज इलाज के लिए पहुंच चुके हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
