यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अब पूर्वाचल पर भी डेंगू का शिकंजा

जागरण संवाददाता, गोरखपुर :
पिछले कुछ हफ्तों से पांव पसार रहे डेंगू ने देवरिया के एक युवक की जान ले ली है। इसके साथ ही पूर्वाचल में इससे मरने वालों की तादाद दो हो गई है जबकि दो अन्य पीड़ित हो चुके हैं।
सोमवार को देवरिया के ग्राम बरडीहा लाला निवासी 28 वर्षीय अमित कुमार श्रीवास्तव पुत्र शिवजी श्रीवास्तव की डेंगू से लखनऊ स्थित सहारा अस्पताल में मौत हो गई। वह लखनऊ में ठेकेदारी का कार्य करते थे। अमित का शव सोमवार को रात्रि 11 बजे पैतृक गांव पहुंचा। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को बरहज स्थित सरयू नदी तट पर किया गया।
इसके पहले उन्नीस अगस्त को खोराबार ब्लाक स्थित डुहिया गांव निवासी त्रिवेणी सिंह की सत्रह वर्षीय पुत्री नन्दिनी की बीमारी से मौत हो चुकी है। इस मौत के एक दिन पहले बस्ती निवासी मो. अली की पत्नी हसीना को मेडिकल कालेज में तेज बुखार व प्लेट्लेट काउंट कम होने के लक्षण दिखाई देने के बाद मेडिसिन विभाग की आइसीयू में भर्ती कर दिया गया। जांच में बीमारी की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर उनको पीजीआई रेफर कर दिया गया। इसी दिन एक अन्य मरीज दीनबंधु में भी बीमारी की पुष्टि हुई है।
---------
लक्षण
- तेज बुखार, बदन दर्द
- आंखों में लाली व दर्द
- शरीर में चक्कते पड़ना
-------------
बचाव
यह बीमारी एडीज नामक मच्छर के काटने से होती है। यह मच्छर किसी बर्तन या पात्र में रखे हुए साफ पानी में अंडे देता है। मच्छर दिन के समय ही काटता है। बीमारी से बचने के लिए इस तरह के बर्तन व पात्रों तथा कूलर के पानी को बदलते रहना चाहिए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
