यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इंसेफेलाइटिस से चार और मौतें

जागरण संवाददाता, गोरखपुर
पूर्वाचल में इंसेफेलाइटिस के मरीजों की भर्ती के साथ ही मौतों का सिलसिला जारी है। पिछले चौबीस घंटे में बीआरडी मेडिकल कालेज में दस नए मरीज भर्ती किए गए जबकि चार की मौत हो गई। नेहरू अस्पताल में भर्ती 137 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जिन चार की मौत हुई है उनमें गोरखपुर के डेढ़ साल के शिवम, देवरिया के ढाई साल के आयुष व बाइस वर्षीय शाहीन बानो तथा नेपाल की बारह वर्षीय लक्ष्मी शामिल हैं। भर्ती होने वालों में कुशीनगर के चार, गोरखपुर के दो तथा संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर व बिहार के एक-एक मरीज हैं। इस साल पिछले एक जनवरी से अबतक कुल मिलाकर 656 मरीज मेडिकल कालेज में भर्ती हो चुके हैं जिनमें से 181 की मौत हो चुकी है।
उधर इंसेफेलाइटिस के मरीजों की लगातार बढ़ रही भीड़ से मेडिकल कालेज में अव्यवस्था बनी हुई है। मरीजों की संख्या अधिक होने के चलते वार्ड संख्या बारह व छह में अभी भी एक बेड पर दो से तीन मरीज हैं।
---------------
आगरा तीन जू. डाक्टर पहुंचे
उधर मेडिकल कालेज में इंसेफेलाइटिस के इलाज में डाक्टरों की कमी के चलते दूसरे मेडिकल कालेजों से डाक्टरों के आने का सिलसिला जारी है। शनिवार को आगरा मेडिकल कालेज से तीन जूनियर डाक्टर मेडिकल कालेज पहुंच गए। पिछले तीन दिनों में स्वास्थ्य विभाग से बारह डाक्टर व पैंतीस नर्से भी मेडिकल कालेज पहुंच चुकी हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
