यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 11, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से एक ही परिवार में मासूम समेत दो की मौत

गोरखपुर : सहजनवां थाना क्षेत्र के बरईघाट तेतरिया में बुधवार की रात ठंड की वजह से एक ही परिवार की दो माह की बच्ची और वृद्ध की मौत हो गई। सहजनवां कार्यालय के अनुसार सत्तर वर्षीय हंसराज रात में बरामदे में सो रहे थे। गुरुवार को सुबह वह बिस्तर पर ही मृत पाए गए। उन्हीं के परिवार की दो माह की बच्ची आंचल ने भी इसी रात दम तोड़ दिया।
ठंड ने ली अधिवक्ता की जान
गोरखपुर: बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट के पूर्व मंत्री वरिष्ठ अधिवक्ता धर्मेन्द्र नाथ पांडेय की गुरुवार को ठंड लगने से मौत हो गई। गुरुवार को बक्शीपुर स्थित अपने आवास से सिविल कोर्ट आ रहे थे। रास्ते में उन्हे ठंड लग गयी। उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि उपजिलाधिकारी सदर ने ठंड से मौत होने की जानकारी से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार ही ठंड से मौत होने की पुष्टि होती है।
बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट के अध्यक्ष राकेश दूबे एवं मंत्री अभिमन्यु प्रसाद पाडेय ने बताया कि उनके निधन पर शुक्रवार को पूर्वाह्न 11.15 बजे बार सभागार में एक शोक सभा का आयोजन किया गया है। उधर समाजवादी अधिवक्ता सभा के महानगर अध्यक्ष अमित शुक्ला की अध्यक्षता में गुरुवार को शोक सभा आयोजित की गई। शोक सभा में सरताज अहमद, मुकेश यादव, मृत्यंजय राज सिंह, रविन्द्र सिंह, सुनील मिश्र, केके शुक्ला, अमरनाथ यादव, संतोष सिंह, मोइनुद्दीन खां, अशफाक अहमद आदि उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
