यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गोरखपुर-बस्ती मंडल में ठंड से 16 की मौत

गोरखपुर : पिछले चौबीस घंटे में गोरखपुर और बस्ती मंडल में ठंड से 16 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार गोरखपुर से छह, देवरिया से चार, कुशीनगर से तीन, महराजगंज में दो और सिद्धार्थनगर में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
गोरखपुर जनपद में कई दिनों से जारी ठंड के कहर ने मंगलवार की रात से बुधवार की सुबह तक महिला समेत छह लोगों की जान ले ली। हरपुर संवाददाता के अनुसार सहजनवां थाना क्षेत्र के कुआवल कला निवासी रामरतन (60) की मंगलवार की रात में मौत हो गई। उनके परिजनों ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद वह सोने चले गए थे। बुधवार को सुबह बिस्तर पर उनको मृत पाया गया। हरपुर थाना क्षेत्र के सिरुआपार गांव में मधुबन (65) और रामसावरे की पत्नी चंद्रावती (60) की रात में ठंड ने जान ले ली। बुधवार को भोर में दोनों लोग बिस्तर पर मृत पाए गए। धुरियापार संवाददाता के अनुसार उरुवा थाना क्षत्र के गजपुर निवासी दिल्लू (70) की बुधवार को भोर में ठंड से मौत हो गई। दो दिन पहले वह ब्लाक पर वितरित किए गए कंबल लेने गए थे। वहां से लौटते समय उन पर ठंड के प्रभाव में आ गए थे। तभी से वह बीमार चल रहे थे। झगहा संवाददाता के अनुसार गहिरा चौबे टोला निवासी विनोद राजभर (28) गांव के पास ईट भट्ठे पर मजदूर था। मंगलवार की रात वह कहीं ईट गिराने गया था। वापस आने पर वह ईट भट्ठे पर ही सो गया। बुधवार को सुबह उसे मृत पाया गया। करमैनी घाट संवाददाता ने खबर दी है कि कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के चौमुखा निवासी रामवृक्ष (55) की मंगलवार की रात सोते समय ठंड लगने से मौत हो गई।
देवरिया जिले में बुधवार को तरकुलवा थाना क्षेत्र के हरैया ग्रामवासी 65 वर्षीया चमेली पत्नी भृगुराशन कुशवाहा की ठंड लगने से मौत हो गई। भलुअनी क्षेत्र के ग्राम नकदह फुलवरिया निवासी सूर्यबली गोड़ (60) की बुधवार की सुबह मौत हो गई। हरखौली शिवुपर निवासी बृजानंद यादव (45) की मंगलवार की शाम मौत हो गई। भलुअनी थाना क्षेत्र के ग्राम बाकी सिंगही निवासी राम किशोर गुप्त (56) की मंगलवार की रात भोजन करने के बाद सो गए। बुधवार को वह बिस्तर पर मरे हुए मिले।
महराजगंज जनपद में ठंड का कहर जारी है। ठंड के कारण सदर व आनंदनगर तहसील में दो लोगों की मौत हो गयी।
कुशीनगर में जटहां थाना क्षेत्र के ग्राम हिरनहीं निवासी रामायन दुसाद की 57 वर्षीय मां का बुधवार की दोपहर में ठंड लगने से मौत हो गई। जबकि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मठिया उर्फ अकटहा निवासी मदन शर्मा पुत्र ठगई उम्र 40 वर्ष की रात ठंड लग जाने से सोते समय मौत हो गयी। कसया थाना क्षेत्र के गांव रामपुर पट्टी के टोला नटवलिया निवासी 62 वर्षीय विजय राव की बुधवार रात ठंड लगने से मौत हो गई।
सिद्धार्थनगर जनपद मुख्यालय स्थित वार्ड न. 3 हबीबुल्लाह नगर निवासी 70 वर्षीय शेर बहादुर श्रीवास्तव की ठंड से मौत हो गयी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
