यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गोरखपुर व बस्ती मंडल में ठंड का सितम,18 मरे

गोरखपुर : गोरखपुर व बस्ती मंडल में ठंड का कहर जारी है पिछले 24 घंटे के दौरान 18 लोगों की मौत हो गई। देवरिया के 5, कुशीनगर , महराजगंज में 4 -4 , गोरखपुर व संतकबीर नगर दो- दो तथा बस्ती में एक को ठंड ने अपना शिकार बनाया।
देवरिया जिले में लार क्षेत्र के ग्राम खरवनिया निवासी श्रीप्रकाश की ठंड से देर रात उसकी मौत हो गई। जबकि ग्राम नदौली के करचो टोला निवासी हरेराम कुशवाहा और भटनी क्षेत्र के ग्राम जिगिनी में 65 वर्षीय रामवृक्ष को भी ठंड ने अपना शिकार बनाया। सोमवार को उपनगर के पश्चिमी तिवारी टोला निवासी नोहरी देवी (76) की ठंड लगने से मौत हो गई।
बनकटा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर बुजुर्ग निवासी पैंतीस वर्षीय अशरफ की ठंड लगने से रविवार की रात मौत हो गई।
महराजगंज जिले में चौक थाना क्षेत्र के ग्राम गौनरिया राजा में 32 वर्षीय तारा देवी व बृजमनगंज थाना क्षेत्र के करमहां गांव निवासी पूर्व प्रधानाचार्य गया प्रसाद यादव की ठंड लगने से मौत हुई। कोल्हुई क्षेत्र के बड़िहार गांव निवासी शंभू सिंह ने ठंड से दम तोड़ दिया। विकास खंड मिठौरा के ग्राम मदनपुर निवासी एक 60 वर्षीय व्यक्ति की घर वापस लौटते समय मौत हो गई।
कुशीनगर जिले में तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरा जटामपुर में 60 वर्षीय मसरफ, दइसी ग्राम सभा के टोला खुशी पट्टी निवासी 70 वर्षीय बलिस्टर व जुनाबी व फाजिलनगर निवासी 22 वर्षीय सुभाष ठंड के शिकार बने
बस्ती जिले में छावनी थाना क्षेत्र अमोढ़ा कस्बे के बद्रीटोला में 25 वर्षीय दुर्गा की ठंड से मौत हो गई। संतकबीर नगर जिले में धनघटा थाना क्षेत्र के ग्राम बेलमा में पचपन वर्षीय रामधारी की ठंड लगने से मौत हो गई।
बघौली ब्लाक के ग्राम कोडरी निवासी पचास वर्षीय संत की मौत भी ठंड लगने से हुई ।
गोरखपुर जिले के बड़हलगंज क्षेत्र के मदरवहां टोला झुमिला निवासी संपत (60) व पिपराइच थाना क्षेत्र के ग्रामसभा लखेसरा निवासी रामसूरत की ठंड लगने से मौत हुई।
-----------------
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
