विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डायरिया से अधेड़ की मौत, पांच दर्जन बीमार

By Edited By:
Published: Thu, 17 Jul 2014 12:22 AM (IST)

News Article Hero Image

गोंडा: मौसम में बदलाव के कारण बीमारियों का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को इटियाथोक सीएचसी के पांडेयपुरवा गांव में एक व्यक्ति की डायरिया से मौत हो गयी। अब तक इस गांव में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। यहां पर एक दर्जन लोग डायरिया से बीमार चल रहे हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। वहीं पर तरबगंज के सरांवा डीह गांव में डायरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां भी करीब चार दर्जन लोग डायरिया से बीमार है। स्वास्थ्य टीमों को मौके पर भेजा गया है।

इटियाथोक संवादसूत्र के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक के पांडेयपुरवा गांव में बुधवार की सुबह 55 वर्षीय अब्दुल हमीद की डायरिया से मौत हो गयी। इस गांव के दो अन्य व्यक्तियों की इसी जुलाई माह में विभिन्न तिथियों में मौत हो चुकी है। गांव में डायरिया से अरबाज, अरमान, अजान, गुलशनजहां, सुनीता, देवी, विमला देवी, मंगल, अनीता, मोनू, मुस्कान, महक, संतोष कुमार, किरन देवी सहित एक दर्जन लोग बीमार है। बीमारी फैलने से गांव में कोहराम मचा है। लोग स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं, लेकिन वह नदारद दिख रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि जिस व्यक्ति की मौत हुई है, उसकी वजह हीट स्ट्रोक है। गांव में टीम भेजी गयी थी, बीमार लोगों का इलाज चल रहा है।

तरबगंज संवादसूत्र के अनुसार सीएचसी तरबगंज के अंतर्गत सरांवाडीह गांव में डायरिया का प्रकोप फैला हुआ है। यहां पर डायरिया से हौसिला (52), शांती (45), नकछेद (55), रज्जू (35), हनुमान प्रसाद (60), करुणाकर (45), कविता (10), जगदेव (45), प्रभावती (35), कलावती (17), विशाल (8) सहित चार दर्जन लोग

डायरिया से पीड़ित है। यहां पर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं देने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एनबी सिंह ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक डॉ. नीरज समेत चार लोगों की टीम गांव में कैंप कर रही है। सीएमओ डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य टीम को मौके पर भेजा गया है। प्रभावित मरीजों के सेहत का ख्याल रखा जा रहा है।