यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया से बीमार बालिका की मौत, ढाई दर्जन भर्ती

गोंडा: सूरज की तल्खी के साथ बीमारियां भी कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जिला चिकित्सालय में तेज बुखार व डायरिया से बीमार होकर भर्ती एक बालिका की उपचार के दौरान मौत हो गयी, जबकि करीब ढाई दर्जन बीमार बच्चे जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं। चिल्ड्रेन वार्ड फुल होने के कारण बीमार बच्चों को हड्डी वार्ड में शिफ्ट किया गया है।
तापमान बढ़ने के साथ ही बीमारियों भी पांव पसारती जा रही है। जिला चिकित्सालय में तेज बुखार व डायरिया से बीमार होकर भर्ती करायी गयी पांच वर्षीय बालिका पार्वती पुत्री राम शंकर निवासी इटियाथोक की उपचार के दौरान मौत हो गयी। इसके साथ ही यहां पर इन दिनों उल्टी दस्त, बुखार, डायरिया से बीमार करीब ढाई दर्जन बच्चे भर्ती हैं। चिल्ड्रेन वार्ड फुल होने के कारण बीमार बच्चों को हड्डी वार्ड व नेत्र वार्ड में भर्ती कराया गया है।
जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. घनश्याम गुप्ता का कहना है कि इस मौसम में अभिभावकों को बच्चों की सेहत के प्रति खास सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि किसी को कोई दिक्कत न होने पावें। अगर बच्चे को किसी भी तरह की कोई समस्या पैदा होती है, तो तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें। बगैर चिकित्सक की सलाह के किसी भी तरह की दवाएं बच्चों को न दें।
मांगा गया जवाब
- जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. बीपी श्रीवास्तव ने शनिवार की सुबह जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही सभी सफाईकर्मियों को सुबह साढ़े सात बजे आकर सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने का निर्देश दिया। साथ ही आयुक्त के निरीक्षण में अनुपस्थित रहे कर्मियों से भी जवाब मांगा गया है।
