यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड के कहर ने चार और की ली जान

गाजीपुर : हफ्ते भर बाद गुरुवार को खिली धूप से लोगों को काफी राहत मिली। सुबह भगवान भास्कर ने दर्शन दिए लेकिन ठंड का कहर जारी रहा। ठंड की चपेट में आने से चार की जान चली गई। उधर खिली धूप का लोग आनंद लेते दिखे। सरकारी कार्यालयों में सन्नाटा रहा। कर्मचारी बाहर धूप में बैठ कर गप मारते रहे। कई दिनों के बाद बाजार में चहल-पहल रही। महिलाओं ने अपने जरूरत की सामग्री खरीदी।
धूप निकलने से वातावरण में भले ही गर्मी का एहसास हो रहा हा लेकिन बर्फीली पछुआ हवा लोगों के शरीर में चुभती रही। शाम होते ही इसका कहर शुरू हो गया। तेज हवाओं के चलते कंपकंपी शुरू हो गई। लोग घरों में दुबक गए। देर शाम करीब साढ़े सात बजे ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। जरूरी काम के लिए ही लोग घरों से बाहर निकले। ठंड व पाला के चलते बाहर बाग-बगीचों तथा गंगा तट पर उगे सभी तुलसी के पौधे झुलस गए। पीजी कॉलेज वेधशाला के उप प्रेक्षक मदन गोपाल दत्त ने बताया कि न्यूनतम 3 तथा अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
बहादुरंगज में अनार मस्जिद मुहल्ले के मास्टर नुरूल हसन (74) की बुधवार की शाम ठंड लगने से मौत हो गई। करीमुद्दीनपुर में ठंड लगने से पतार के रामायण लोहार (63) की मंगलवार की रात में मौत हो गई। वह रात सोए और सुबह जब घर वाले जगाने गए तो उनकी मौत हो चुकी थी। सुहवल में गौरा के जितेंद्र शर्मा (15) पुत्र परशुराम शर्मा की ठंड लगने से मौत हो गई। वह कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौटा तो उसकी तबीयत खराब हो गई। घर वाले उसे अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सैदपुर में वार्ड नौ के सुशील बरनवाल (85) की भोर में ठंड लगने से मौत हो गई।
मरदह में विद्यालय बंद होने के कारण स्कूली बच्चे पूरे दिन क्रिकेट व पतंग उड़ाते दिखे। वहीं बुजुर्ग व महिलाएं धूप में बैठ कर आनंद लेते रहे। कुछ ऐसा ही हाल जखनियां का भी रहा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
