गलन भरी ठंड ने एक की ली जान
गाजीपुर : गलन भरी ठंड ने गुरुवार की रात नंदगंज के बहरपुर की ऊषा (60) पत्नी बब्बन श्रीवास्तव की जान ले ली। उनका इलाज चल रहा था। रात में उन्होंने दम तोड़ दिया। अचानक पारा गिरने से शुक्रवार को तापमान लुढ़क गया। ठंड व गलन इस कदर कि लोगों के हाड़ (हड्डी) कंपकंपा उठे। ठिठुरन ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया। पीजी कॉलेज वेधशाला के उपप्रेक्षक मदन गोपाल दत्त ने बताया कि न्यूनतम 3.6 तथा अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मुहम्मदाबाद : सुबह से ही गलन भरी ठंड से लोग परेशान रहे। गुरुवार की सायंकाल हवा चलने से लोगों को आभास हो गया था कि ठंड में इजाफा होगा। दूसरे दिन यानी शुक्रवार की शुरुआत गलन भरी सुबह से हुई। शाम होते-होते गलन और बढ़ गई। तेज गलन के बावजूद प्रशासन की ओर से ग्रामीण इलाकों की चट्टियों व कस्बे के सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। ठंड तेज होने के बाद भी अभी तहसील प्रशासन की ओर से तहसील में भेजी गई 1315 कंबलों का वितरण नहीं शुरू कराया जा सका है। जबकि इसको लेने के लिए गरीब महिलाएं व पुरुष तहसील का चक्कर काटते नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है जब समय से कंबल आ गया है और ठंड भी पड़ रही है तो इसको बंटवाने में अधिकारी गुरेज क्यों कर रहे हैं।
सैदपुर : ठंड में पुन: इजाफा होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कुछ दिन पूर्व अलाव के लिए जगह-जगह गिराई गई लकड़ियां खत्म हो गई हैं। नागरिकों ने पुन: अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है।
बहरियाबाद : दो दिनों से सर्द हवाओं चलते ठंड बढ़ी है। गलन के बावजूद अभी तक प्रशासन ने न तो अलावा की व्यवस्था की है और न ही कंबल वितरित हुआ है। डॉ. केके सिंह, छोटेलाल सेठ आदि ने अलावा के व्यवस्था की मांग की है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर