यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महिला के साथ छेड़छाड़, दो समुदाय आमने -सामने
संवाद सहयोगी, मुरादनगर : ईदगाह रोड पर दरगाह के पास सोमवार को मंदिर जा रही दलित महिल

संवाद सहयोगी, मुरादनगर : ईदगाह रोड पर दरगाह के पास सोमवार को मंदिर जा रही दलित महिला के साथ समुदाय विशेष के युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। घटना की शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंची महिला को पुलिस ने टरका दिया। अब पीड़िता एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाएगी।
शहर की एक कालोनी निवासी महिला सोमवार सुबह मंदिर जा रही थी। जब वह दरगाह के पास पहुंची तो वहां खड़े समुदाय विशेष के तीन युवकों ने फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी छेड़छाड़ करने लगे। महिला के शोर मचाने पर आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। इसके बाद पीड़िता मंदिर जाने की बजाय अपने घर लौट गई। पीड़िता ने जब परिजनों को घटना के बारे में बताया तो वह आक्रोशित हो गए। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने आरोपी युवकों के घर पहुंचकर मामले की शिकायत की। लेकिन आरोपी युवकों के परिजनों ने पीड़ित पक्ष को गाली-गलौज कर घर से भगा दिया। घटना को लेकर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। घटना की तहरीर लेकर पीड़िता चामुंडा पुलिस चौकी पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय पीड़िता को चौकी से टरका दिया। राजू, दिनेश, अमित, सुमित, सुखपाल आदि स्थानीय लोगों ने बताया कि कालोनी में समुदाय विशेष के युवक हुड़दंग करते हैं। पुलिस हुड़दंगियों पर कार्रवाई नहीं करती। पिछले दो माह से पुलिस की सुस्ती के चलते हुड़दंगियों का आतंक बढ़ गया है। इस बारे में थानाध्यक्ष रणवीर ¨सह ने बताया कि मामले की जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।
