यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से मासूम बच्चे समेत दो की मौत

असोथर, संवाद सूत्र : थाना क्षेत्र में संक्रामक बीमारी के कहर से ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल व्याप्त है। सोमवार को विचित्र बुखार से एक मासूम बच्चे समेत दो की मौत पर स्वास्थ्य महकमा ने मलेरिया उन्मूलन टीम को भेजकर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया।
असोथर कस्बा निवासी रियाज के 06 वर्षीय बेटे नियाज को रविवार की सुबह तेज बुखार आया। परिजन उसे फतेहपुर लाकर हास्पिटल में उपचार कराया और गांव लेकर चले गए जहां उसकी सोमवार को मौत हो गई। इसी प्रकार मुराइनडेरा गांव निवासी विनोद के नवजात पखवारे भर के बेटे पिंटू को तेज बुखार चढ़ा, परिजन कुछ समय पाते कि उसकी भी मौत हो गई जिससे ग्रामीणों में खासी दहशत व्याप्त है। स्वास्थ्य महकमा ने गांव में चिकित्सकीय टीम भेजकर एंटी लार्वा का छिड़काव करवा रही है।
इसी प्रकार रविवार को चंदिया गांव में मिट्ठू की बुखार से मौत हो गई थी जिस पर पीएचसी प्रभारी डा.दीपेश कुमार व मलेरिया उन्मूलन टीम ने गांव के कुओं में एंटी लार्वा का छिड़काव करवाकर मलेरिया से ग्रसित मरीजों मैयादीन, नवलकिशोर, भूपेंद्र सिंह आदि को दवाईयां वितरित की।
पीएचसी प्रभारी डा. दीपेश अग्रवाल ने बताया कि एंटी लार्वा का छिड़काव करवाकर बुखार से ग्रसित ग्रामीणों को दवाएं वितरित कराई जा रही हैं।
