यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया से महिला की मौत पर परिजनों ने काटा हंगामा

गाजीपुर, संवाद सूत्र (फतेहपुर) : कस्बा स्थित एक प्राइवेट क्लीनिक में गुरुवार को इलाज दौरान डायरिया से ग्रसित महिला की मौत हो जाने पर परिजनों ने शव रखकर जमकर हंगामा काटा। कहा कि डाक्टर की लापरवाही से जान गई। पुलिस के पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराने पर समझौता हो सका। तब जाकर परिजन शव घर ले गए।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी का डेरा निवासी फूल सिंह की 50 वर्षीय पत्नी रामसखी डायरिया से ग्रसित थी। पति फूल सिंह का आरोप है कि वह गुरुवार को चौराहे पर स्थित डाक्टर वृदांवन त्रिपाठी के पास पत्नी को दिखाने ले गया लेकिन चिकित्सक ने इलाज में लापरवाही बरती जिससे पत्नी की मौत हो गई। परिजनों के हंगामा काटने पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची तब जाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो सका। क्लीनिक डाक्टर वृदांवन त्रिपाठी का कहना था कि महिला आई जरूर थी लेकिन गुरुवार को उसका इलाज ही नही किया लेकिन परिजनों ने बेवजह हंगामा काटा। हालांकि मामला शांत हो गया है।
उधर गाजीपुर थाने के बंवारा गांव निवासी 66 वर्षीय लाल कहार दमा के मर्ज से पीड़ित था। गुरुवार को वह सीएचसी गया। चिकित्सीय टीम से इलाज कराने के बाद वह विक्रम से गाजीपुर कस्बा में उतरा। उसके बाद गश खाकर वह गिर पड़ा जिसकी कुछ क्षणों में ही मौत हो गई। डाक्टर पंकज गुप्ता का कहना था कि वृद्ध दमा के मर्ज से पीड़ित था।
