विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फसल न काटने पर दलित की पीटकर हत्या

By Edited By:
Published: Sat, 09 Nov 2013 06:29 PM (IST)Updated: Sat, 09 Nov 2013 06:30 PM (IST)

News Article Hero Image

हुसेनगंज /जागरण प्रतिनिधि : हुसेनगंज थाना क्षेत्र के भलेवा गांव में बीती रात्रि धान की फसल न काटने को लेकर खेत मालिकों ने एक नाती-बाबा की लाठी डंडों से जमकर पिटाई की जिससे नाती की मौत हो गई जबकि उसके बाबा का अस्पताल में इलाज कराया गया।

थरियांव थाने के बघेला गांव निवासी सुनील उर्फ पल्टू पासी (25) अपने पड़ोसी बाबा ओमप्रकाश पासी (48) के साथ अ‌र्द्धरात्रि बाद हुसेनगंज थाने के भलेवा गांव स्थित दिनई यादव के खेत में धान की कटी फसल कूटने गए थे। धान की फसल कूटते समय ही सिरसी गांव के सगे भाई श्यामभवन लोधी, रामभवन समेत चार लोग आ धमके।

घायल ओमप्रकाश पासी ने बताया कि उक्त लोग पहले अपनी धान की फसल को काटकर कूटने का दबाव बनाने लगे जिस पर नाती सुनील ने उनसे कहा कि दिनई यादव के धान कूटने के बाद उनकी फसल काटकर कूट दी जाएगी लेकिन उक्त लोग तुरंत फसल काटने की बात करने लगे।

इंकार कर देने पर उक्त लोगों ने नाती सुनील पर लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। उसने विरोध किया तो उसे भी पीटने लगे। नाती को मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग निकले। घर ले जाते समय नाती ने रास्ते में दम तोड़ दिया। ओमप्रकाश पासी की तहरीर पर थरियांव एसओ चांद हुसैन ने श्यामभवन लोधी, रामभवन निवासी सिरसी व दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा कायम करके मुकदमें की चिट हुसेनगंज थाने को स्थानान्तरित कर दी है। एसओ हुसेनगंज धर्मराज यादव का कहना था कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।

बदहवास रही पत्‍‌नी, मां व भाई

फतेहपुर : बघेला गांव में सुनील उर्फ पल्टू पासी का शव लेकर ओमप्रकाश घर पहुंचे तो उसकी पत्‍‌नी सुनीता, मां चंदी, बड़ा भाई रामकृपाल व पिता राधेलाल रो-रोकर बेहाल रहे। मृतक की पत्‍‌नी सुनीता बदहवास रही जिसे पड़ोसी महिलाएं ढांढस बंधाती रही।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर