यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 11, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से एक की मौत, पारा दो डिग्री पर

फैजाबाद, बाबा बाजार चौराहे पर गुरुवार की सुबह ठंड लगने से व्यवसायी की मौत हो गयी। औरैया जिले के थाना फफूंद अंतर्गत ग्राम आमपुर निवासी तहसीलदार (55) पुत्र विशम्भर बाबा बाजार चौराहे पर किराये का कमरा लेकर गांव-गांव फेरी लगाकर नील बेचने का कार्य करता था। गुरुवार की सुबह लगभग आठ बजे हैंडपम्प पर वह मंजन कर रहा था कि अचानक गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र भ्रमण पर निकले विधायक रामचंदर यादव ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना दी व हर संभव सहायता दिलाये जाने का आश्वासन दिया। इस सम्बंध में नायब तहसीलदार आर आर गुप्ता ने बताया कि हल्का लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। उधर
धूप निकलने के बावजूद ठंड से राहत नहीं मिल सकी है। ऐसा इसलिए कि वातावरण में गलन बरकरार है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले एक-दो दिनों में मौसम लोगों को कुछ राहत दे सकता है। ऐसा इसलिए कि दिन के साथ ही रात के तापमान में भी इजाफा होने के आसार हैं। बीती रात तापमान दो डिग्री सेल्सियस रहा। इस वजह से वातावरण में खासी ठंड घुली रही।
गत दिनों की अपेक्षा गुरूवार को आसमान में कोहरा कम रहा। आसमान में सूर्यदेव के दर्शन भी हुए, लेकिन इसके बावजूद वातावरण में गलन बरकरार रही। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक हवाओं की रफ्तार में कमी आने से ऐसा हुआ है। विभाग के अध्यक्ष प्रो. पद्माकर त्रिपाठी के अनुसार शुक्रवार को भी हवाओं की रफ्तार कम रहने की संभावना है, जिससे मौसम कुछ साफ होने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि दिन के साथ ही रात के तापमान में भी इजाफा होने की उम्मीद है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 97 व न्यूनतम 60 फीसदी रही। हवाएं एक किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पश्चिमी दिशा से चलीं।
...................
अयोध्या के सभासदों ने फूंका पालिकाध्यक्ष का पुतला
-अलाव में अनियमितता पर भड़का आक्रोश
जागरण कार्यालय, फैजाबाद : अलाव की व्यवस्था को लेकर अयोध्या नगर पालिका के सभासदों में आक्रोश व्याप्त है। अलाव व्यवस्था में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को सभासदों द्वारा पालिकाध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया गया। सभासदों ने इस मामले में रेजीडेंट मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
आंदोलित सभासदों का आरोप है कि पालिका द्वारा नगर में अलाव की व्यवस्था ठेके पर दे दी गई। पालिकाध्यक्ष एवं ठेकेदार द्वारा 25 किलो लकड़ी के स्थान पर आठ से दस किलो लकड़ी गिराई जा रही है। 75 स्थानों के बजाए 15 से 20 स्थानों पर ही अलाव जलवाए जा रहे हैं, जो ठंड की स्थिति को देखते हुए नाकाफी हैं। व्यवस्थाओं को अनदेखाकर अलाव के नाम पर धन की बंदरबांट की जा की जा रही है। पुतला दहल करने वालों में वेंकटेशाचारी, रमेश राना, देवेश सिंह, जगवती, अभय श्रीवास्तव, गीता देवी व लल्लन मिश्रा आदि शामिल रहे।
.................
हो रहा राजनीतिक षड़यंत्र-राधेश्याम
नगर पालिका अयोध्या के अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता ने अपने ऊपर लगाए गए आरोप को राजनीतिक षड़यंत्र बताया है। उन्होंने कहा कि अलाव में कोई अनियमितता नहीं बरती गई है। यह सब साजिश है। पालिका की ओर से टीम गठित कर अलाव से संबंधित जांच कराई जाएगी। भाजपा सभासद वीरेंद्र पांडेय पुत्ती लाल ने भी इसे पालिकाध्यक्ष के प्रति राजनीतिक षड़यंत्र बताया है।
...............
फैजाबाद : मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड मुख्यालय पर कबीना मंत्री अवधेश प्रसाद ने कंबल का वितरण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दस माह की सपा सरकार ने समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की कोशिश की है। इस मौके पर करीब दो हजार लोगों को कंबल का वितरण किया गया। इस मौके पर गंगा सिंह यादव, बाबूराम गोंड, गयादीन रावत, पवन सिंह, जीतेंद्र सिंह समेत अन्य मौजूद थे। श्रीरामजन्मभूमि के प्रमुख पक्षकार व निर्मोही अखाड़े एवं मंदिर के महंत भाष्कर दास ने कंबल का शाल का वितरण किया। साथ ही निराश्रितों के लिए अलाव की व्यवस्था भी कराई गई है। गुरुवार को कुल तीस लोगों को कंबल वितरित किए गए। पुजारी रामदास के मुताबिक रात्रि के समय अयोध्या, राम की पैड़ी, गुप्तारघाट, जिला चिकित्सालय, रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन समेत अन्य स्थानों पर कंबल का वितरण किया जाएगा। इस मौके पर पुजारी रामदास, पुजारी रामनेवाज दास, पुजारी प्रेम कुमार शुक्ला, अजय दास, रामजी गुप्ता, सविता गुप्ता डीएन द्विवेदी, केडी त्रिपाठी, राघवेंद्र जायसवाल, अखिलेश पाठक समेत अन्य मौजूद थे। टुडेज हो वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में तोपकोठी स्थित कार्यालय पर निराश्रितों को कंबल का वितरण किया गया। इस मौके पर अखिल श्रीवास्तव, जरदार अकील अंसारी, अनवर सादात, एकांत सिन्हा, विनय वर्मा, विशाल, पंकज सिंह, उदय अग्रहरि समेत अन्य मौजूद थे। युवा प्रेस क्लब के तत्वावाधान में कंबल वितरण किया गया। इस मौके पर चंद्र मोहन श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव, पवन यादव, आचार्य स्कंद दास, पवन यादव व रामकृष्ण पांडेय समेत अन्य मौजूद थे। उधर रामपुरभगन संवादसूत्र के मुताबिक जानलेवा तथा हाड़ कंपाऊ ठंड के बीच बाजार के चौराहों पर जलने वाले अलाव गायब हैं। जिससे बाजारवासियों तथा राहगीरों को भारी कठिनाई उठानी पड़ रही है। प्रशासन की पहल रामपुरभगन, तारुन, जानाबाजार, नंसा तथा चरावां आदि स्थानों पर अपर्याप्त है। लोग पुराने कागज व फर्नीचर जलाकर काम चला रहे हैं। तहसील प्रशासन का अलाव व्यवस्था नदारद है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
