यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सर्दी ने फिर ठिठुराया, महिला की मौत

इटावा, नगर प्रतिनिधि : सर्दी के तेवर तल्ख हो गए हैं। मंगलवार की शाम फिर से पूरे तेवर के साथ लौटी सर्दी ने जनजीवन को झकझोर दिया है। रात से छाये घने कोहरे और कड़कड़ाती ठंड से जनजीवन प्रभावित है। ठंड लगने से एक अबला की जान चली गयी। प्रशासन या समाजसेवियों ने गरीबों को सर्दी से बचाने के लिए अभी तक कोई सुधि नहीं ली है।
मंगलवार को दोपहर बाद तक मौसम खुशगवार था, सूर्यदेव के अस्त होते ही सर्दी का सितम शुरू हो गया। रात दस बजे तक चारों ओर घना कोहरा छा गया, हल्की-हल्की ठंडी हवा गर्म कपड़ों के पार होने लगी। इसके चलते जेल मार्ग पर सैय्यद बाबा की मजार के पास स्थित रैन बसेरा के बाहर करीब 50 वर्षीय महिला सर्दी से बेहोश हो गई। वहां मौजूद लोगों ने एंबुलेंस 108 को सूचना दी, जिस पर उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, वहां उसकी मौत हो गई। उसकी पहचान न हो सकी। उक्त क्षेत्र के बाशिंदों ने बताया कि कई दिनों से भीख मांगते देखा गया था। उसकी मौत की सूचना पुलिस को दी गई। दूसरी ओर बीती रात से पड़ रही कड़ाके की सर्दी से समूचा जनजीवन कांप उठा है। इसके बावजूद न तो स्कूलों की छुट्टी की गई और न अलाव लगवाने की ओर गौर किया गया। इससे स्कूली बच्चों को कड़कड़ाती सर्दी में स्कूल जाना पड़ा। शहर में कई समाजसेवी संस्थाएं भी है, लेकिन किसी ने फिर से लौटी सर्दी से गरीबों को बचाने की सुधि नहीं ली।
महेवा, अप्र : कस्बा और देहात में घने कोहरे भीषण सर्दी से जनजीवन प्रभावित है। दोपहर बाद सूरज के दर्शन होने पर कुछ देर के लिए राहत मिली। किसान नेता बबलू तिवारी व वेदप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रशासन द्वारा अलाव नहीं जलाए गए हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
