यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नारी निकेतन में सर्दी से बच्ची की मौत

इटावा, नगर प्रतिनिधि : कड़ाके की सर्दी से नारी निकेतन में करीब डेढ़ माह की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत के कारण को लेकर प्रशासन असंमजस में है। प्रशासन को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मौत की मजिस्ट्रेट जांच की संस्तुति की गई है।
सुरेखा (बदला गया नाम) निवासी बांदा बहला-फुसलाकर भगाने के मामले को लेकर गत 21 अप्रैल से नारी निकेतन में रह रही है। गत 18 नवंबर को उसने पीजीआई सैफई में कन्या को जन्म दिया। जिसका नाम गीतिका रखा। रविवार की रात अचानक गीतिका की हालत बिगड़ गई। सूत्रों के मुताबिक उसे सर्दी लग गई, जिससे उसकी पसलियां काफी तेज चल रही थीं। इसकी सूचना सहायक अधीक्षिका रंजना सकलानी को मिली तो उन्होंने महिला होमगार्ड के साथ मां-बेटी को जिला अस्पताल भेजा, वहां चिकित्सक ने गीतिका को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर जिला प्रोवेशन अधिकारी आकांक्षा अग्रवाल शहर के मोहल्ला नौरंगाबाद स्थित नारी निकेतन पहुंचकर बच्ची की मौत को लेकर विस्तृत जानकारी की। उनका कहना है कि भवन परिसर में अलाव तथा कमरों में हीटर लगे होने से लगता नहीं कि सर्दी से मौत हुई हो। उसके पालन में ही कोई कसर रह गई होगी। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा। सारे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी गई है, इसमें बच्ची की मौत के मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराने की संस्तुति की है। नारी निकेतन में सर्दी से बचाव के पर्याप्त साधन पाए गए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
