विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मोबाइल टावर कर्मी की डायरिया से मौत

By Edited By:
Published: Fri, 29 Aug 2014 07:24 PM (IST)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, एटा: पिलुआ क्षेत्र में मोबाइल टावर पर तैनात कर्मचारी की बुधवार की रात हालत बिगड़ गई। डायरिया से पीड़ित कर्मचारी को उपचार के लिए साथी जिला अस्पताल ला रहा था कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

झारखंड प्रांत के हजारी बाग जनपद के विश्नूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ढुबका निवासी 35 वर्षीय सोनाराम हुड्डू पुत्र भंजरी हुड्डू यहां के पिलुआ थाना क्षेत्र के ग्राम अढ़ापुरा स्थित मोबाइल टावर पर तैनात था। गुरुवार की रात गर्मी से अकुलाए सोनाराम के पेट में दर्द के साथ ही उसे उल्टी, दस्त शुरू हो गए। साथी कर्मचारी ने उसे प्राइवेट डाक्टर को भी दिखाया, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

गुरुवार की रात करीब 9 बजे हालत बिगड़ने पर सोनाराम को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया जा रहा था कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। टावर कर्मी की डायरिया से मौत की सूचना साथी ने उसके परिजनों को दी। शुक्रवार को प्रात: परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। पिलुआ के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नौरंगीलाल ने बताया कि टावरकर्मी के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। भीषण गर्मी के कारण डायरिया से पीडि़त मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। सुबह से लेकर शाम तक जिला अस्पताल और प्राइवेट चिकित्सकों के यहां अधिकांश मरीज डायरिया और बुखार से पीड़ित मरीज नजर आते हैं।