यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रोगों की सूचना पर जागा स्वास्थ्य विभाग

एटा, कासगंज: मुहल्ला अशोक नगर में बीमारी फैलने की खबर पर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की नींद टूट गई। स्वास्थ्य टीम ने मुहल्ले में रोगियों का परीक्षण कर दवा वितरित की। तीन दर्जन लोगों की जांच कराने के लिए रक्त के नमूने लिए हैं।
अशोक नगर में बीते एक सप्ताह से लोगों को कई रोगों ने घेर रखा है। बीमारी से परेशान कई लोग निजी चिकित्सकों और सरकारी चिकित्सालय में उपचार करा रहे हैं। तो कई आगरा भी रेफर किये जा चुके हैं। हफ्ते भर से चली आ रही स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग की नजर ही नहीं गई। अखबारों में इस संबंध में समाचार प्रकाशित हुआ तो स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीके सिंह के निर्देश पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके राजपूत ने चिकित्सकों की टीम को संक्रामक रोगों से प्रभावित इलाके में भेजा। निर्देश दिए, घर-घर पहुंचकर प्रभावित लोगों की रक्त स्लाइड तैयार करें, स्वास्थ्य का परीक्षण कर निश्शुल्क दवाएं वितरित करें। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अशोक नगर में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर और शिविर लगाकर रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित की। तीन दर्जन से अधिक लोगों के ब्लड सैंपल जांच को लिए। सीएमओ डॉ. सिंह ने बताया कि रोगों के फैलने की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को वहां भेजा गया है। अशोक नगर में कुछ लोग मलेरिया व टायफाइड से पीड़ित हैं। कुछ लोगों की प्लेटलेट्स काउंट कम हो जाने के कारण परिजनों ने उनका उपचार निजी चिकित्सकों के यहां कराया है। टीम निरंतर रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। रोगियों को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती करने की सलाह दी गई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
