यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एटा..खिली धूप, मिली राहत, दो की मौत

सर्द हवाओं से बचने को समय से पहले ही घरों में कैद हो रहे लोग
निज प्रतिनिधि, एटा: गुरुवार का दिन भी आम जनमानस के लिए राहत भरा रहा। पिछले दो दिनों से खिल रही धूप गुरुवार को भी खिली। सहालगों के चलते बाजारों में रौनक नजर आई। घरों में कैद लोगों ने बाजार पहुंचकर खूब खरीददारी की। शाम होते ही लोग फिर से घरों में कैद हो गये। वहीं अज्ञात सहित दो की ठंड से मौत हो गई।
गुरुवार को सुबह से ही मौसम खुला नजर आया। कहीं भी कोहरे का साया नहीं दिखाई दिया। धूप के बाद भी मौसम में गलन बरकरार रही। शीतलहर का भी चलना जारी रहा। लोगों ने घरों से बाहर निकलकर अपने लंबित कार्यो को पूरा किया। महिलाओं ने भी घरों में भीगे पड़े कपड़ों को धूप में सुखाया। बच्चों को भी नहला-धुलाकर उनकी तेल मालिश की। उधर, सहालगों के कारण बाजारों में भी खरीददारों की खूब भीड़ नजर आई। शहर के बाबूगंज, घंटाघर आदि मुख्यबाजारों में लोगों ने जरूरी सामान की खरीददारी की। इस खरीददारी से दुकानदार भी खुश नजर आए। दुकानदारों का कहना था कि काफी दिनों बाद दुकानों पर ग्राहकों की इतनी भीड़ खरीददारी को पहुंची है। वाहनों में भी यात्रियों की खूब भीड़ नजर आई। उधर, शाम होते ही लोग फिर से घरों में कैद हो गये। वहीं कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव रैनऊआ के समीप 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई। इसके अलावा जैथरा के मुहल्ला नेहरु नगर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक गेंदालाल की भी ठंड से मौत हो गई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
