यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 31, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
युवक ने जहर खाकर दी जान

देवरिया : रुद्रपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बेलकुंडा निवासी बाइस वर्षीय युवक ने मंगलवार को सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के मुताबिक जहरीले पदार्थ के सेवन से युवक की मौत हुई है। शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक मानसिक रूप से बीमार युवक की हालत सुबह अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ समय पूर्व युवक दुर्घटना का शिकार हो गया था। तभी से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। सोमवार को युवक की किसी हरकत से खफा परिजनों ने डांट दिया। परिजनों का यह व्यवहार युवक को इस कदर नागवार लगा कि उसने सुबह होते ही जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। बहरहाल घटना के बावत साफ-साफ कुछ भी कहने से मृतक के परिजन कन्नी काट रहे हैं।
-------------------
ट्रैक किनारे मिला नवजात का शव
देवरिया : सदर कोतवाली क्षेत्र के चिरैया ढाले के निकट रेलवे ट्रैक के किनारे पानी से भरे गड्ढे के समीप मंगलवार को एक गत्ते में रखा नवजात का शव देखा गया। आसपास के लोगों की निगाह शव पर तब पड़ी जब कुत्ते गत्ते के इर्दगिर्द मंडराते नजर आए। किसी ने घटना की जानकारी समाजसेवी संजय पाठक को दी। उच्चाधिकारियों की अनुमति पर श्री पाठक ने नवजात का शव घटनास्थल के समीप दफन कर दिया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
