यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जिले में ठंड से पांच और मरे

देवरिया : जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार को कड़कड़ाती ठंड ने पांच और लोगों की जान ले ली। इसी के साथ आम जनजीवन पर कहर बनकर टूट रही ठंड से बीते एक पखवारे में मरने वालों की तादाद करीब दो दर्जन हो गई है।
लार संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम खरवनिया निवासी श्रीप्रकाश रात में कहीं गया था। इसी बीच वह ठंड की चपेट में आ गया। देर रात उसकी मौत हो गई। जबकि थाना क्षेत्र के ग्राम नदौली के करचो टोला निवासी हरेराम कुशवाहा की मौत भी ठंड लगने से हो गई। हमारे खोरीबारी संवाददाता के अनुसार भटनी थाना क्षेत्र के ग्राम जिगिनी में 65 वर्षीय रामवृक्ष की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार रामवृक्ष की मौत ठंड से हुई है। रुद्रपुर कार्यालय के अनुसार उपनगर स्थित इमामबाड़ा चौराहा के समीप पूर्वाचल ग्रामीण बैंक में सोमवार को पैसा निकालने आई एक वृद्धा की ठंड लगने से मौत हो गई।
उपनगर के पश्चिमी तिवारी टोला निवासी नोहरी देवी (76) पत्नी स्व. विश्वनाथ निषाद बैंक से अपनी बहु के साथ पैसा निकालने आई थी। अभी फार्म भरकर अंगूठे का निशान लगा ही रही थी कि उसके शरीर में कंपकंपी हुई और वह बेहोश होकर गिर गई। लोग आनन-फानन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ केंद्र ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में उपजिलाधिकारी ब्रजेन्द्र द्विवेदी ने कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी। ठंड से मौत होने की पुष्टि होने पर अहेतुक सहायता प्रदान की जाएगी।
भाटपाररानी कार्यालय के अनुसार बनकटा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर बुजुर्ग निवासी पैंतीस वर्षीय अशरफ पुत्र जउआर की ठंड लगने से रविवार की रात मौत हो गई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
