यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया से बालिका समेत दो की मौत

बरगढ़/चित्रकूट,जागरण संवाददाता : बदले मौसम ने डायरिया के प्रकोप ने दो को लील लिया। दर्जन भर से अधिक मरीजों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
बरगढ़ क्षेत्र के जमिरा व बरगढ़ मोड़ कालोनी में डायरिया का प्रकोप एक हफ्ते से फैला है। सोमवार की रात्रि को शिवनाथ (65) पुत्र नारायणदास निवासी बरगढ़ मोड़ कालोनी की डायरिया के चलते हालत गंभीर होने पर परिजन मऊ स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके अलावा एक हफ्ते पूर्व इलाहाबाद में भर्ती डायरिया पीड़ित डेढ़ वर्षीय कत्यायनी पुत्री शिवसागर निवासी बरगढ़ मोड़ को रविवार को घर लाया गया था। मंगलवार की सुबह अचानक ज्यादा फिर स्वास्थ्य खराब होने पर उसकी मौत हो गई। इसी क्रम में मंगलवार को पार्वती (52)पत्नी संतोष गुप्ता, सुनील (22) पुत्र संतोष व शंकरदयाल (35) पुत्र सुंदरलाल निवासीगण बरगढ़ मोड़ के डायरिया पीड़ित होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ में भर्ती कराया गया है।
जिला चिकित्सालय में भी डायरिया पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को दो दर्जन मरीजों का इलाज किया गया। इनमें आधा दर्जन मरीजों की हालत गंभीर होने पर भर्ती किया गया है। विनीता देवी (38) निवासी छिपटहरी, संगीता (22)निवासी कपसेठी, चुनबाद (50) निवासी कोठिलिहाई, पूनम (18) निवासी पहाड़ी, किल्लो (38) निवासी कोरबा, आशीष कुमार (23) व चिंता देवी (2) निवासीगण रैपुरा को भर्ती किया गया है।
