यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 26, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया मरीजों से भरे हैं अस्पताल, बालक की मौत

मऊ/मानिकपुर, संवाद सहयोगी : बदले मौसम में डायरिया का प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के डायरिया के मरीजों से अस्पताल भरे हुए हैं। एक दर्जन से अधिक मरीज शुक्रवार को भर्ती कराए गए हैं। इनमें एक बालक की मौत हो गई।
मऊ ब्लाक क्षेत्र के बरगढ़ मोड़ के आसपास डायरिया का प्रकोप सर्वाधिक है। 24 घंटे के अंदर उर्मिला (48) पत्नी संतोष, रामराज (65) पुत्र रामानुज, नागेश (15) पुत्र संतोष, श्रद्धा (8) पुत्री विद्यासागर, निधि व कात्यायनी पुत्रीगण शिवसागर निवासी बरगढ़ मोड़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यह सभी मरीज एक परिवार के हैं। इसके पूर्व बरगढ़ के ही अरुण (14) पुत्र पप्पू, शंकर (40) पुत्र रामसुंदर, अंजू (4) पुत्री शंकर, रानी (3) पुत्री गुलाब पांडेय व पप्पू (45) पुत्र लालता प्रसाद को भी डायरिया के चलते चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
उधर, मानिकपुर ब्लाक क्षेत्र के छेरिहा व खिचरी गांव के आसपास डायरिया का प्रकोप बढ़ गया है। प्रतिदिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की भीड़ लगी रहती है। गुरुवार को सोनू (8) पुत्र रामकृपाल निवासी छेरिहा को डायरिया होने पर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ला रहे थे। तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इसके अलावा एक दर्जन मरीज चिकित्सालय में भर्ती हैं।
