यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बराव में फैला डायरिया, मासूम की मौत

शहाबगंज (चंदौली): विकास क्षेत्र के बराव गांव की दलित बस्ती में डायरिया के प्रकोप से बुधवार को 4 वर्षीय साहिल राम नामक मासूम की मौत हो गई। वहीं पांच लोग इसकी चपेट में आ गए हैं। डायरिया से मौत की खबर मिलते ही स्वास्थ विभाग में खलबली मच गई। आनन फानन में स्वास्थ विभाग की टीम बस्ती में पहुंच कर पीड़ितों का इलाज शुरू कर दिया। हालत गंभीर होने पर टीम ने पीड़ितों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया।
बराव गांव की दलित बस्ती में सोमवार की रात बाल करन राम के बच्चे साहिल (4), तैनुल (2), मनीष (6) वर्ष को उल्टी व दस्त होने लगी। घर के लोग जब तक इलाज की व्यवस्था करते गृह स्वामी बालकरन (35) वर्ष भी डायरिया की चपेट में आ गया। घर के सभी लोगों की हालत खराब होती देख अन्य सदस्य घबरा गए।
उधर देखते ही देखते डायरिया ने समीप के दूसरे परिवार को अपने आगोश में ले लिया। परिवार की रीमा (22) व मैना देवी (60) वर्ष उल्टी दस्त से पीड़ित होने लगी। गांव में ही परिजन दोनों का इलाज कराते रहे। सुबह हालत ज्यादा गंभीर होने पर सभी बीमार प्राथमिक स्वास्थ केंद्र पर पहुंचे जहां थोड़ी देर बाद ही मासूम साहिल की मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर लगते ही स्वास्थ विभाग की टीम चिकित्सकों व स्वास्थ कर्मियों का दल दलित बस्ती में पहुंच पीड़ितों के इलाज में जुट गया।
