यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया से वृद्ध की मौत, कई पीड़ित

ताराजीवनपुर (चंदौली): सकलडीहा विकास खंड क्षेत्र के सराय पकवान गांव में शनिवार की रात डायरिया से पीड़ित 70 वर्षीय एक वृद्ध की मौत हो गई। गांव में अभी दर्जनों लोग डायरिया से पीड़ित हैं। इससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जिला प्रशासन द्वारा अब तक चिकित्सकीय सुविधा मुहैया न कराए जाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। परेशान पीड़ित निजी चिकित्सालयों में इलाज कराने को विवश हैं।
ग्रामीण पिछले कुछ दिनों से दूषित पेयजल का प्रयोग कर रहे हैं क्योंकि गांव में सरकारी पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके साथ ही साफ सफाई के अभाव में गांव में गंदगी भी फैली हुई है। इसी कारण डायरिया ने गांव में पांव पसार दिया है। डायरिया की चपेट में आने से जहां विजय मिश्रा की मौत हो चुकी है, वहीं लगभग दर्जन भर लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। गांव में राधिका देवी, विपिन बिहारी, रीना, मुरली मिश्रा, नंदलाल सिंह, राजनाथ प्रजापति, पान कुंवर देवी सहित अन्य डायरिया से पीड़ित हैं। सभी मरीजों का इलाज निजी चिकित्सालय में चल रहा है क्योंकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक कोई चिकित्सकीय सहायता मुहैया नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को गांव में कैंप लगाकर तत्काल लोगों की मदद करनी चाहिए लेकिन स्वास्थ्य विभाग कुंभकर्णी नींद में सो रहा है। ऐसे में ग्रामीण निजी चिकित्सालयों में महंगा इलाज कराने को विवश हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार को नियुक्त एएनएम गांव में पहुंची थी लेकिन दवा उपलब्ध न होने की बात कहकर लौट गई।
