विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डायरिया से बालक की मौत, छह बीमार

By Edited By:
Published: Fri, 13 Jun 2014 11:30 PM (GMT+05:30)

News Article Hero Image

बरहनी (चंदौली) : क्षेत्र के धनाइतपुर पोखरा गांव में डायरिया के प्रकोप से तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग डायरिया से पीड़ित हैं। डायरिया से मौत की सूचना पर पहुंची चिकित्सकों की टीम ने गांव में ओआरएस का घोल व स्वास्थ्य शिक्षा दी। बालक की निजी अस्पताल में गलत इंजेक्शन दिए जाने से हुई मौत की सूचना पर डीएम सत्येंद्र कुमार सिंह बिफर पड़े और उन्होंने सीएमओ को उक्त अस्पताल के जांच के निर्देश दिए हैं।

गुरुवार को जमालू का तीन वर्षीय बेटा अचानक उल्टी दस्त करने लगा। हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग उसे लेकर सैयदराजा स्थित निजी चिकित्सालय में पहुंचे। वहां बालक को भर्ती कर उसका इलाज शुरू कर दिया गया। इसी दौरान एक इंजेक्शन लगाए जाने के थोड़ी देर बाद बालक की मौत हो गई। बालक के मौत की सूचना जिलाधिकारी को मिली तो वे बिफर पड़े। उन्होंने सीएमओ व अन्य अफसरों को निर्देश दिया कि शनिवार को अस्पताल पहुंच कर बालक के इलाज में दी गई दवाएं व अस्पताल की जांच करें और तुरंत इसकी रिपोर्ट दें।

उधर डायरिया से पीड़ित होने के चलते 60 वर्षीय हल्लो, 35 वर्षीय शायरा, 15 वर्षीय शाहाना, तीन वर्षीय गोलू का इलाज बरहनी पीएचसी कराया गया। वहां हालत गंभीर देख हल्लो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव में डायरिया की सूचना पर प्रभारी सीएमओ डा. मंजू सिंह सहित अन्य चिकित्सकों की टीम पहुंच गई। ग्रामीणों को स्वच्छता और स्वास्थ्य शिक्षा देने के साथ उन्हें ओआरएस का घोल आवश्यक दवाएं दी गई। इस बारे में बरहनी के चिकित्सा प्रभारी डा. हरीश चंद्रा ने बताया कि बासी खाना खाने से बच्चे उल्टी करने लगे। फिलहाल अब स्थिति नियंत्रण में है।