यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संक्रामक बीमारी को न्योता दे रहा वाटर बाक्स

बुलंदशहर : साठा मोहल्ले में स्थित वाटर बाक्स संक्रामक बीमारियों को न्योता दे रहा है। गंदे पानी से लबालब बाक्स की सफाई की मांग मोहल्लेवासी कई बार कर चुके हैं, लेकिन नगर पालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। जिस कारण लोगों में बीमारी फैलने का भय है।
पिछले कुछ दिनों से जनपद में संक्रामक बीमारियों से दर्जनों मौत हो चुकी हैं और सैकड़ों लोग बीमारियों की चपेट में हैं। सफाई व्यवस्था के नाम पर न तो नगर पालिका ध्यान दे रही है और न ही स्वास्थ्य विभाग को कोई चिंता है। नगर के साठा मोहल्ले के लोग इन दिनों गंदे पानी से आजिज आ चुके हैं। मोहल्ले में स्थित वाटर बाक्स से नगर पालिका के टैंकरों में पानी भरा जाता है। काफी समय से वाटर बाक्स की सफाई नहीं की गई और यहां पानी जमा होने से मोहल्ले के लोगों का जीना दूभर हो गया है। गंदे पानी की बदबू और उससे फैलने वाली संक्रामक बीमारी से लोगों को चिंता सता रही है। मोहल्ले के लोगों प्रशांत, संजय, सतीश आदि ने बताया कि वाटर बाक्स के पानी की सफाई करने के लिए कई बार नगर पालिका से मांग की जा चुकी है, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। गंदे पानी से मोहल्ले में बीमारी फैल सकती है। उन्होंने डीएम से पानी की सफाई कराने की मांग की है। पालिका अध्यक्ष पिंकी गर्ग का कहना है कि अगर गंदा पानी भरा है तो उसकी सफाई करा दी जाएगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
