यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड का कहर : दर्जनों पक्षियों की मौत

छतारी (बुलंदशहर) : ठंड का कहर पक्षियों पर मौत बनकर टूट रहा है। छतारी क्षेत्र में ठंड की चपेट में आकर दर्जनों पक्षियों की मौत हो गई। दो गांवों में ही आधा दर्जन से ज्यादा पक्षियों के शव मिले हैं।
ठंड की चपेट केवल मनुष्यों पर ही भारी नहीं पड़ रही है, बल्कि पक्षियों पर भी इसने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ठंड की चपेट में आकर पक्षियों ने दम तोड़ना शुरू कर दिया है। छतारी क्षेत्र के गांव जयरामपुर और बदरखा में बुधवार को करीब आधा दर्जन पक्षियों के शव बरामद हुए। इनमें अधिकांश कबूतर हैं। ग्रामीणों की बात पर विश्वास करें तो जंगली क्षेत्र में भी पक्षियों के शव दिखाई दिए हैं। ठंड से मरने वाले पक्षियों की संख्या और भी अधिक हो सकती है। ग्रामीणों ने ठंड से पक्षियों के मरने की पुष्टि की है। यही नहीं ग्रामीण पक्षियों की मौत से काफी आहत भी हैं। इनमें से कुछ ने वनविभाग के अधिकारियों से सम्पर्क साधकर पक्षियों की जान की सुरक्षा करने की गुहार की है। उधर, इस संबंध में वन विभाग के उपरेंजर शिव कुमार का कहना है कि यह प्राकृतिक मामला है। पक्षी स्वतंत्र रहते हैं, इसलिए इनकी सुरक्षा के लिए वन विभाग के पास करने के लिए बहुत कुछ नहीं है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
